
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में सेमेस्टर परीक्षाओं के रिजल्ट जारी होने शुरू हो गए हैं, लेकिन इसके साथ ही छात्रों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। कई छात्रों ने रिजल्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। किसी को Essential Repeat (ER) मिल गई है, तो किसी को परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद ‘अनुपस्थित’ दिखा दिया गया है।
छात्रों की शिकायतें: “हमने परीक्षा दी, फिर भी अनुपस्थित कैसे?”
तीसरे सेमेस्टर के एक छात्र ने बताया कि उन्हें इतिहास में ER मिला है, जबकि उन्हें नहीं लगता कि उनका प्रदर्शन इतना खराब था। एक अन्य छात्र को VAC (वैल्यू एडेड कोर्स) में ER मिल गया, जबकि वो नियमित रूप से क्लास और परीक्षा दोनों में उपस्थित थे। कई छात्रों ने बताया कि उन्होंने परीक्षा दी थी, लेकिन रिजल्ट में उन्हें Absent (अनुपस्थित) दिखाया गया है।
डूसू पदाधिकारी भी हुए सक्रिय
DU छात्र संघ (DUSU) की सचिव मित्रविंदा करनवाल ने बताया कि “कई कॉलेजों से शिकायतें आई हैं — कुछ को फेल कर दिया गया, किसी के आंतरिक मूल्यांकन में शून्य अंक डाल दिए गए। कई जगह ER और Absentee एंट्री तकनीकी गड़बड़ी लग रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि डूसू प्रतिनिधि मंगलवार को परीक्षा नियंत्रक और रजिस्ट्रार से मिलकर यह मामला उठाएंगे।
परीक्षा विभाग की सफाई
DU के परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “रिजल्ट में कोई गड़बड़ी नहीं है। ER छात्रों के प्रदर्शन पर आधारित होती है। कॉपियों की जांच शिक्षक करते हैं, परीक्षा विभाग सिर्फ रिजल्ट तैयार करता है।” उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि अगर किसी छात्र के रिजल्ट में वाकई कोई तकनीकी या अन्य त्रुटि हुई है, तो परीक्षा विभाग उसका समाधान करेगा।
अब आगे क्या?
छात्रों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए DU प्रशासन पर दबाव है कि वह रिजल्ट से जुड़ी त्रुटियों को गंभीरता से ले और समाधान के स्पष्ट निर्देश दे। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या छात्र संघ की पहल से कुछ राहत मिलेगी या नहीं।




Add comment