
जेईई मेन 2025 सत्र 2 की अनंतिम उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट को लेकर उठी विसंगतियों पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। अब इस पर एनटीए की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
एनटीए का बयान: “हम पारदर्शी प्रक्रिया का पालन करते हैं”
एनटीए ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा: “एनटीए अनंतिम उत्तर कुंजी को लेकर हर चुनौती पर गंभीरता से विचार करता है।”
एजेंसी ने स्पष्ट किया कि वह पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के अंतर्गत उत्तर कुंजी जारी करते ही उम्मीदवारों को उनके रिकॉर्ड किए गए उत्तरों तक पहुंच प्रदान करता है।
उम्मीदवारों और विशेषज्ञों की चिंताएं
कई छात्रों और कोचिंग विशेषज्ञों ने उत्तर कुंजी में त्रुटियों की शिकायत की है। कुछ उम्मीदवारों ने अपने रिकॉर्ड किए गए उत्तरों में रिक्त स्थान और गलत तरीके से चिह्नित उत्तरों की सूचना भी दी है। इसको लेकर छात्रों में भ्रम और चिंता का माहौल है।
एनटीए का स्पष्टीकरण: अनंतिम है उत्तर कुंजी
एनटीए ने जोर देकर कहा कि फिलहाल उपलब्ध उत्तर कुंजी केवल अनंतिम (Provisional) है, और अंतिम उत्तर कुंजी अभी प्रकाशित नहीं की गई है। अंतिम अंकों की गणना केवल अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर की जाएगी।
एजेंसी ने कहा कि उत्तर कुंजी से संबंधित सभी आपत्तियों की गंभीरता से जांच की जाती है और यह प्रक्रिया मूल्यांकन में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए है।
उम्मीदवारों को सलाह: भ्रम से बचें
एनटीए ने छात्रों को अनावश्यक चिंता और भ्रामक रिपोर्टों से बचने की सलाह दी है। उसने कहा कि “अनंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर निष्कर्ष निकालना वांछनीय नहीं है। एनटीए उम्मीदवारों को सलाह देना और सूचित करना चाहता है कि उन्हें अनावश्यक संदेह और चिंता पैदा करने वाली रिपोर्टों से गुमराह नहीं होना चाहिए।”
11 अप्रैल को जारी हुई थी उत्तर कुंजी
जेईई मेन 2025 सत्र 2 की अनंतिम उत्तर कुंजी 11 अप्रैल को जारी की गई थी और उम्मीदवारों को 13 अप्रैल तक आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया था। परीक्षा का अंतिम परिणाम 17 अप्रैल को jeemain.nta.nic.in पर जारी किया जाएगा।




Add comment