
देश की कोचिंग फैक्ट्री कहे जाने वाले कोटा में एक और छात्र ने अपनी जान दे दी। मृतक छात्र बिहार का रहने वाला था, वह कोटा में रहकर ही नीट एग्जाम के लिए अपनी तैयारी कर रहा था। मृतक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दी और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के परिजनों को इसकी सूचना दी। फिलहाल वह मामले की जांच कर रही है।
मामला कुन्हाड़ी इलाके के एक हॉस्टल रूम का है। लड़के की उम्र 18 साल बताई जा रही। वह बिहार के छपरा का रहने वाला था। कुछ दिनों पहले ही उसने नीट एग्जाम का पेपर दिया था। पुलिस ने बताया कि छात्र ने सुबह 6 बजे खुद को पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पर हमने रूम के दरवाजे को तोड़ा और पंखे के कड़े से फंदे पर लटके शव को नीचे उतारा। हॉस्टल संचालक को भी इसकी सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि मौके से हमें एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें छात्र ने लिखा,”मैं सुसाइड कर रहा हूं, आप लोगों की कोई गलती नहीं है। न ही ये सुसाइड नीट पेपर की वजह से है। मेरा नाम, मेरी फोटो और परिवार का नाम कही भी मीडिया में न डाला जाए।”
आगे पुलिस ने बताया कि छात्र पिछले एक साल से कोटा में रह रहा था और तैयारी कर रहा था। घटना के रात छात्र ने दोस्तों से साथ खाना खाया और फिर रूम में जाकर सो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना से पहले सुबह उसने अपनी बहन को मैसेज भेजा, इसके बाद बहन ने हॉस्टल में इसकी सूचना दी। फिर हॉस्टल वालों ने छात्र के कमरे का दरवाजा खटखटाया तब उधर से कोई आवाज नहीं आई तो उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल छात्र ने सुसाइड क्यों किया इसका पता नहीं चल रहा। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।




Add comment