Edinbox Hindi

भारत-पाक तनाव के बीच कई अहम परीक्षाएं स्थगित, छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ी

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-पाक सीमा पर सुरक्षा हालात के मद्देनज़र शैक्षणिक गतिविधियों पर भी असर साफ़ तौर पर दिखाई दे रहा है। विशेष रूप से सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा कारणों से कई अहम परीक्षाओं को स्थगित करना पड़ा है। इनमें ICAI की सीए फाइनल और इंटर जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं भी शामिल हैं। परीक्षार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित संस्थानों ने यह निर्णय लिया है।

भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) ने देश में बने अस्थिर हालात को देखते हुए मई 2025 में आयोजित होने वाली सीए फाइनल, इंटर और पोस्ट-क्वालिफिकेशन परीक्षाओं (जैसे INTT AT – अंतर्राष्ट्रीय कराधान मूल्यांकन परीक्षा) के 9 मई से 14 मई तक के सभी शेष पेपर स्थगित करने की घोषणा की है। इस संबंध में आधिकारिक सूचना ICAI की वेबसाइट icai.org पर जारी कर दी गई है। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे आधिकारिक अपडेट पर नज़र बनाए रखें और किसी भी अफवाह से बचें।

इसी तरह, हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय ने 10 और 11 मई को होने वाली एचपीसीईटी 2025 (HPCET) को भी अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा प्रदेश के 15 स्थानों और एक परीक्षा केंद्र चंडीगढ़ में प्रस्तावित थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।

कर्नाटक के इंजीनियरिंग, मेडिकल और डेंटल कॉलेजों के संघ ने COMEDK UGET 2025 परीक्षा को भी 12 परीक्षा केंद्रों में स्थगित कर दिया है। हालांकि, अन्य सभी केंद्रों पर परीक्षा पूर्व निर्धारित तिथि यानी 10 मई 2025 को ही आयोजित की जाएगी। COMEDK ने एक आधिकारिक अधिसूचना में बताया कि यह निर्णय भारत सरकार के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जारी निर्देशों के अनुसार लिया गया है, जिसमें कुछ क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। जिन छात्रों को स्थगित परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, वे आगे की जानकारी के लिए नियमित रूप से comedk.org पर विज़िट करते रहें।

हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने भी 11 मई को प्रस्तावित कॉलेज कैडर में रसायन विज्ञान और भौतिकी विषयों के सहायक प्रोफेसर पदों की परीक्षा स्थगित कर दी है। आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि यह फैसला मौजूदा सैन्य तनाव और संभावित सुरक्षा खतरों के मद्देनज़र लिया गया है।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) ने भी जम्मू-कश्मीर क्षेत्र के छात्रों के लिए 10 और 11 मई को होने वाली प्रवेश परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केवल जम्मू-कश्मीर के छात्रों के लिए पुनर्निर्धारित की जाएगी, और नई तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।

इन सभी स्थगनों ने छात्रों की तैयारियों को प्रभावित किया है और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। हालांकि, यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, और संबंधित संस्थाएं जल्द ही पुनर्निर्धारित तिथियों की घोषणा करेंगी। छात्र सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टलों से ही सूचना प्राप्त करें और अफवाहों से बचें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed