
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) में आयोजित ‘शिक्षक आभार’ समारोह में भाग लेते हुए शिक्षकों से छात्रों में ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “प्रत्येक नागरिक का लक्ष्य ‘राष्ट्र प्रथम’ होना चाहिए। यह जिम्मेदारी सिर्फ नेतृत्व या सुरक्षा बलों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है।”
शिक्षा को जोड़ें नैतिक मूल्यों से
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे नैतिक मूल्यों और जीवन निर्माण से जोड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “जब हम शिक्षा को राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ेंगे, तभी एक विकसित भारत की नींव रखी जा सकेगी।”
सीएमएस में बच्चों को मिला मंच और सम्मान
समारोह में छात्रों द्वारा प्रस्तुत ‘आदि योगी’ नाटक की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बच्चों को इतिहास, परंपरा और जीवन मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
एक्स (Twitter) पर साझा किया अनुभव
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा: “CMS लखनऊ में आयोजित ‘शिक्षक आभार’ समारोह में शामिल हुआ। मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुझे विश्वास है कि शिक्षा को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और परंपराओं से जोड़कर हम देश को मजबूत बनाएंगे।”
सीएम योगी ने CMS परिवार को बधाई दी और छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।




Add comment