
कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र अब रोजगार और अप्रेंटिसशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय की व्यावसायिक शिक्षा शाखा ने एक सर्कुलर जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि 12वीं में राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (NSQF) के तहत कौशल विषयों की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए विभिन्न रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध हैं।
दिल्ली के 985 स्कूलों में सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्तर पर कौशल आधारित शिक्षा दी जाती है। व्यावसायिक प्रशिक्षक या अंशकालिक व्यावसायिक प्रशिक्षक छात्रों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार और अप्रेंटिसशिप के लिए पंजीकरण करने के प्रति जागरूक करेंगे। इच्छुक छात्रों को रोजगार के लिए https://onlineemploymentportal.delhi.gov.in/ और अप्रेंटिसशिप के लिए https://apprenticeshipindia.gov.in पर पंजीकरण करना होगा।
यह सभी सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क हैं, और ये पोर्टल रोजगार निदेशालय द्वारा विकसित किए गए हैं। 12वीं पास करने वाले और 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके छात्र इन पोर्टल्स पर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा एक मोबाइल ऐप भी तैयार किया गया है, जिसे इच्छुक छात्र प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि, यह भी उल्लेख किया गया है कि अधिकांश छात्र 12वीं के समय 18 वर्ष से कम उम्र के होते हैं, जिस कारण वे फिलहाल प्लेसमेंट के पात्र नहीं माने जाएंगे।




Add comment