
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस साल कुल 88.39% छात्र सफल हुए हैं, जो पिछले साल के मुकाबले मामूली बढ़त दर्शाता है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 87.98% था। छात्र अपने परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों या DigiLocker के माध्यम से ऑनलाइन देख सकते हैं।
परिणाम देखने के लिए cbse.gov.in, cbseresults.nic.in, results.cbse.nic.in या results.gov.in वेबसाइटें खंगाली जा सकती हैं। छात्रों को अपना रिजल्ट देखने के लिए रोल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी, स्कूल कोड और जन्मतिथि जैसे विवरण भरने होंगे।
विजयवाड़ा रीजन रहा सबसे ऊपर
सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, देश के 17 रीजन में विजयवाड़ा ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.60% पास प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। त्रिवेंद्रम 99.32% के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं प्रयागराज सबसे निचले पायदान पर रहा, जहां केवल 79.53% छात्र ही सफल हो सके।
दिल्ली और अन्य प्रमुख क्षेत्रों का प्रदर्शन
दिल्ली वेस्ट का 95.37, दिल्ली ईस्ट का 95.06, चंडीगढ़ का 91.61, पंचकूला का 91.17, देहरादून का 83.45 फीसदी रिजल्ट रहा है।
जवाहर नवोदय विद्यालय सबसे आगे
स्कूलों की श्रेणियों की बात करें तो जवाहर नवोदय विद्यालयों ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है, जहां पास प्रतिशत 99.29% रहा। इसके बाद सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों का 91.57% और निजी स्कूलों का 87.94% पास प्रतिशत दर्ज किया गया।
छात्र संख्या और उत्तीर्ण आंकड़े:
परीक्षा के लिए कुल 17,04,367 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 16,92,794 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 14,96,307 छात्र सफल घोषित किए गए हैं।
रिजल्ट जारी करने की तिथि परंपरा
सीबीएसई आमतौर पर मई माह में 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं के परिणाम जारी करता है। पिछले साल का रिजल्ट 13 मई को घोषित हुआ था। अगर हम पिछले 6 सालों पर नजर डालें तो सीबीएसई बोर्ड का रिजल्ट अक्सर मई में आता रहा है। लेकिन कोरोना के दौरान यह अगस्त और जुलाई महीने में आया। साल 2019 में 6 मई को, साल 2020 में 13 जुलाई को, 2021 में 3 अगस्त को, 2022 में 22 जुलाई को, 2023 में 12 मई को और 2024 में 13 मई को परिणाम घोषित हुए थे।
उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सीबीएसई 10वीं के परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।




Add comment