Edinbox Hindi

प्रधानमंत्री मोदी का निराश छात्रों को संदेश: परीक्षा परिणाम जीवन का अंत नहीं, एक नई शुरुआत है

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को बधाई देते हुए एक प्रेरणादायक संदेश साझा किया। उन्होंने न केवल सफल विद्यार्थियों की सराहना की, बल्कि उन छात्रों के लिए भी सशक्त शब्द कहे जो अपने प्रदर्शन से थोड़े निराश हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “प्रिय #ExamWarriors, सीबीएसई कक्षा XII और X की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी लोगों को हार्दिक बधाई! यह आपके दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। आज माता-पिता, शिक्षकों और अन्य सभी लोगों की भूमिका को स्वीकार करने का दिन भी है जिन्होंने इस उपलब्धि में योगदान दिया है। एग्जाम वॉरियर्स को आगे आने वाले सभी अवसरों में बहुत सफलता की कामना करता हूं!”

पीएम मोदी ने एक अन्य ट्वीट में उन छात्रों को विशेष संदेश दिया जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं: “जो लोग अपने अंकों से थोड़ा निराश महसूस करते हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं: एक परीक्षा कभी भी आपको परिभाषित नहीं कर सकती। आपकी यात्रा बहुत बड़ी है और आपकी ताकत मार्कशीट से कहीं आगे तक जाती है। आत्मविश्वास बनाए रखें, जिज्ञासु बने रहें क्योंकि महान चीजें आपका इंतजार कर रही हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश उन लाखों छात्रों के लिए है जो परीक्षा परिणामों से प्रभावित होते हैं। उनका यह कहना कि जीवन की राहें परीक्षा के अंकों से कहीं विशाल हैं, युवाओं को नई ऊर्जा और आशा प्रदान करता है। यह बयान छात्रों को यह समझाने का प्रयास है कि असफलता या अपेक्षाकृत कम अंक अंत नहीं, बल्कि नए अवसरों की शुरुआत हैं।

कैसा रहा इस साल का पास प्रतिशत
CBSE बोर्ड कक्षा 12वीं के परिणामों में इस वर्ष कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 88.39% रहा। लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 91.64% उत्तीर्णता दर दर्ज की, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 85.70% रहा।

कक्षा 10वीं में भी छात्राओं ने बाज़ी मारी। इस साल दसवीं का कुल पास प्रतिशत 93.66% रहा, जिसमें 95% छात्राएं और 92.63% छात्र सफल हुए। इस बार 10वीं में 2.37% अधिक छात्राएं सफल हुईं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed