Edinbox Hindi

पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार बने UPSC के नए चेयरमैन, IIT कानपुर से हैं इंजीनियरिंग स्नातक

केंद्र सरकार ने पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह पद 29 अप्रैल को प्रीति सूदन का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हुआ था।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अजय कुमार की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। अजय कुमार 1985 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने 23 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2022 तक देश के रक्षा सचिव के रूप में सेवा दी थी।

UPSC देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है, जिसके माध्यम से IAS, IFS और IPS सहित विभिन्न अखिल भारतीय सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है। आयोग का नेतृत्व एक अध्यक्ष करता है और इसमें अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। वर्तमान में आयोग में दो पद रिक्त हैं। UPSC चेयरमैन का कार्यकाल छह वर्ष या 65 वर्ष की आयु तक, जो भी पहले हो, तक सीमित होता है।

अजय कुमार रक्षा मंत्रालय में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले सचिवों में गिने जाते हैं। उन्होंने रक्षा उत्पादन विभाग में सचिव के रूप में भी कार्य किया है। इसके अलावा वे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के महानिदेशक जैसे अहम पदों पर भी नियुक्त रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वे वर्ष 2014 में शुरू की गई ‘डिजिटल इंडिया’ पहल को लागू करने वाली कोर टीम का हिस्सा भी थे।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो अजय कुमार ने IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने अमेरिका की मिनेसोटा यूनिवर्सिटी से डेवलपमेंट इकोनॉमिक्स में मास्टर डिग्री तथा वहीं के कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद अजय कुमार भारत लौटे और सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईएएस अधिकारी बने। उन्हें केरल कैडर आवंटित हुआ और उन्होंने तीन दशकों की सेवा का अधिकांश हिस्सा वहीं बिताया। वर्ष 2007 से 2010 तक वे केरल सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव भी रहे।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed