Edinbox Hindi

डीयू के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में दाखिला पंजीकरण शुरू, पहले दिन 4,468 उम्मीदवारों ने कराया रजिस्ट्रेशन

दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए दाखिला पंजीकरण प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई है। पहले दिन, 1 जून की शाम 6 बजे तक 4,468 छात्रों ने पंजीकरण कर लिया। इच्छुक उम्मीदवार 10 जून तक पंजीकरण करा सकते हैं।

यह पहली बार है जब एसओएल में दाखिले के लिए पूर्व-पंजीकरण प्रक्रिया को औपचारिक रूप से लागू किया गया है। अब तक पंजीकरण और दाखिला साथ-साथ होते थे, लेकिन इस बार प्रक्रिया को चार चरणों में बांटा गया है।

चार चरणों में होगी दाखिला प्रक्रिया
एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो के अनुसार, इस बार छात्रों को पहले पंजीकरण फॉर्म भरकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी जमा करनी होगी। इससे उन्हें प्रोस्पेक्टस और आवश्यक कोर्स संबंधी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

दाखिले की प्रक्रिया के चार चरण 
पंजीकरण: अभ्यर्थी को अपनी व्यक्तिगत जानकारी देकर एसओएल पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
शैक्षणिक क्रेडिट आईडी निर्माण: 5 से 10 जून के बीच उम्मीदवारों को एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC ID) और डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (DEB ID) बनानी होगी। इससे छात्रों को भविष्य में मिलने वाले क्रेडिट्स डिजिटल रूप से जुड़े रहेंगे।
योग्यता निर्धारण: छात्रों को उनके अंकों के आधार पर यह सुझाव मिलेगा कि वे किन-किन कार्यक्रमों के लिए पात्र हैं।
दाखिला और दस्तावेज़ अपलोड: इस चरण में छात्र परीक्षा फॉर्म भरेंगे और आवश्यक दस्तावेज़ ऑनलाइन जमा करेंगे।

10 जून से दस्तावेज़ सत्यापन और दाखिला प्रक्रिया शुरू
दाखिला प्रक्रिया 10 जून के बाद शुरू होगी, जिसके तहत छात्रों को अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराने के लिए तीन दिन का समय मिलेगा। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में आकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा।

19 अंडरग्रेजुएट कोर्सों में मिलेगा दाखिला
इस वर्ष एसओएल के अंतर्गत 19 स्नातक प्रोग्रामों में दाखिले की सुविधा होगी। इनमें बीए, बीकॉम, बीबीए जैसे लोकप्रिय कोर्स शामिल हैं। छात्रों को कोर्स चयन से पहले प्रोस्पेक्टस और गाइडलाइंस भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed