Edinbox Hindi

सीबीएसई ने शुरू किया नेशनल ऑटोमोबाइल ओलंपियाड, छात्रों के लिए रोबोटिक्स और एआई सीखने का मौका

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने छात्रों में ऑटोमोबाइल सेक्टर के प्रति रुचि जगाने और उन्हें इस क्षेत्र के करियर विकल्पों से परिचित कराने के लिए नेशनल ऑटोमोबाइल ओलंपियाड की शुरुआत की है। इस पहल में बोर्ड को ऑटोमोटिव स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (ASDC) का सहयोग प्राप्त है।

पंजीकरण की अंतिम तिथि: 31 जुलाई 2025
छात्र ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।

ओलंपियाड का उद्देश्य क्या है?
CBSE के अनुसार, ऑटोमोबाइल उद्योग भारत की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है और लगातार विकसित हो रही तकनीकों के चलते इसमें कुशल कार्यबल की आवश्यकता भी तेजी से बढ़ रही है।

इस ओलंपियाड का मकसद छात्रों को ऑटोमोटिव स्किल्स, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की दुनिया से परिचित कराना और उन्हें भविष्य के करियर के लिए तैयार करना है।

ASDC अध्यक्ष एफ.आर. सिंघवी के मुताबिक, प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र इलेक्ट्रिक, कनेक्टेड और ऑटोनॉमस मोबिलिटी की अवधारणाओं से जुड़ी तकनीकों जैसे कि मेकाट्रॉनिक्स, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और सस्टेनेबल मोबिलिटी से परिचित होंगे।

कौन-कौन छात्र ले सकते हैं हिस्सा?
इस ओलंपियाड के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। ओलंपियाड तीन स्तरीय होगी। पहले स्तर के तहत छठी से आठवीं के छात्र, दूसरे स्तर में नौवीं व दसवीं व तीसरे स्तर में ग्यारहवीं व बारहवीं के छात्र शामिल होंगे। 

क्षेत्रीय स्तर पर प्रतियोगिता अक्टूबर-नवंबर में जबकि राष्ट्रीय स्तर का फाइनल दिसंबर में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी, इसमें सभी शिक्षा बोर्ड के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। 

स्कूलों के लिए अपील
CBSE ने अपने संबद्ध स्कूलों से अपील की है कि वे छात्रों को इस ओलंपियाड में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें ऑटोमोटिव सेक्टर से जुड़ी व्यावसायिक दक्षताओं और व्यावहारिक ज्ञान से लैस करें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed