Edinbox Hindi

हरियाणा CET में रजिस्ट्रेशन से वंचित रहे अभ्यर्थी पहुंचे हाईकोर्ट, पोर्टल दोबारा खोलने की मांग

हरियाणा ग्रुप-C के CET एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन से वंचित रहे या कम समय मिलने के कारण आरक्षित वर्ग का लाभ नहीं उठा सके अभ्यर्थियों ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया है। कुल 6 उम्मीदवारों ने याचिका दायर कर मांग की है कि CET रजिस्ट्रेशन पोर्टल को दोबारा खोला जाए और जिन अभ्यर्थियों ने पहले से रजिस्ट्रेशन कर लिया है, उन्हें अपने आवेदन में सुधार का अवसर दिया जाए।

रजिस्ट्रेशन समय की कमी और सर्टिफिकेट देरी बनी वजह
याचिका दाखिल करने वाली शीतल, निशा और नैंसी ने कहा कि वे अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग से संबंधित हैं, लेकिन HSSC द्वारा नवीनतम जाति प्रमाण पत्र मांगे जाने के चलते उन्होंने सरल पोर्टल पर आवेदन किया, लेकिन सर्टिफिकेट समय पर नहीं बन पाया। मजबूरी में उन्होंने जनरल कैटेगरी में आवेदन कर दिया। उनका कहना है कि यदि पोर्टल दोबारा खोला जाता है और सुधार की अनुमति दी जाती है, तो ही वे आरक्षण का लाभ ले सकेंगी। याचिका में यह भी कहा गया है कि इस बार पंजीकरण के लिए केवल 15 दिन का समय दिया गया, जबकि 2022 में पंजीकरण प्रक्रिया एक साल से ज्यादा चली थी।

OTP में देरी ने भी किया प्रभावित
एक अन्य याचिकाकर्ता तन्नु ने कहा कि रजिस्ट्रेशन के दौरान OTP बार-बार देरी से आया, जिससे वे समय पर रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाईं। उन्होंने कोर्ट से आग्रह किया है कि ऐसे छात्रों के लिए, जो तकनीकी कारणों से आवेदन नहीं कर सके, पोर्टल को दोबारा खोला जाए ताकि वे भी रजिस्ट्रेशन कर सकें।

परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराने की मांग
एक याचिकाकर्ता ने CET को एक ही शिफ्ट में कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर परीक्षा अलग-अलग शिफ्टों में होती है तो हर शिफ्ट में सवाल अलग हो सकते हैं और नॉर्मलाइजेशन प्रोसेस छात्रों के साथ न्याय नहीं करता। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के उस निर्णय का हवाला दिया है जिसमें मेडिकल साइंस की परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराई गई थी, और मांग की है कि HSSC को इसी तरह की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं।

HSSC जुलाई में परीक्षा कराने को तैयार, पर हो सकती है देरी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने जुलाई में ही CET परीक्षा आयोजित करने की योजना बनाई है। बीते गुरुवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ बैठक कर उन्हें परीक्षा केंद्र चिन्हित करने का निर्देश दिया था। इसके लिए सोमवार तक की डेडलाइन दी गई थी, लेकिन अब तक सभी जिलों से रिपोर्ट नहीं आई है। इससे परीक्षा की तारीख में देरी की संभावना बन रही है।

इतने हैं आवेदन
CET 2025 के लिए अब तक 13 लाख 48 हजार 697 युवाओं ने आवेदन किया है। इतने अधिक आवेदनों को देखते हुए आयोग को परीक्षा दो से तीन दिनों में कराने का प्रस्ताव दिया गया है। लेकिन यदि हाईकोर्ट रजिस्ट्रेशन से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई कर कोई निर्देश देता है, तो परीक्षा कार्यक्रम पर असर पड़ सकता है।

एडवोकेट चरणजीत सिंह ने याचिका की पुष्टि करते हुए बताया कि इसे रेगुलर बेंच के समक्ष पेश किया जाएगा और सुनवाई जल्द शुरू होगी।

यह मामला अब न्यायालय के अधीन है, और यदि कोर्ट से रजिस्ट्रेशन पोर्टल दोबारा खोलने या परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव के आदेश आते हैं, तो CET की तिथि आगे बढ़ सकती है। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे आगे की जानकारी के लिए HSSC की आधिकारिक वेबसाइट और न्यायालय आदेशों पर नजर बनाए रखें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed