
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जुलाई 2025 सत्र के लिए पुनः पंजीकरण की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। जो छात्र पहले से ही किसी भी इग्नू कोर्स में नामांकित हैं, उन्हें अगला सत्र जारी रखने के लिए 15 जुलाई 2025 तक खुद को फिर से पंजीकृत कर लेना चाहिए। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और छात्र इसे onlinerr.ignou.ac.in के माध्यम से कर सकते हैं।
इग्नू ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तारीख का इंतजार करना जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि किसी भी तकनीकी गड़बड़ी या भुगतान विफलता की स्थिति में रजिस्ट्रेशन फेल हो सकता है। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें।
पाठ्यक्रम चुनने से पहले उसके विवरण को ध्यान से पढ़ना बेहद जरूरी है, क्योंकि बाद में कोर्स बदलने से परीक्षा की तैयारी के लिए समय कम रह जाएगा।
लॉगइन में आ रही है दिक्कत? ऐसे करें समाधान
यदि कोई छात्र लॉगिन करने में परेशानी महसूस कर रहा है—जैसे कि OTP न मिलना या यूज़रनेम / पासवर्ड भूल जाना—तो वे अपने नजदीकी क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। वहीं से वे अपना खाता रीसेट कर सकते हैं या नया पासवर्ड प्राप्त कर सकते हैं।
भुगतान प्रक्रिया और जरूरी सावधानियाँ
रजिस्ट्रेशन के बाद फीस का भुगतान डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के जरिए किया जा सकता है। अंतर्राष्ट्रीय छात्र भी ऑनलाइन भुगतान के लिए उपलब्ध विकल्पों का लाभ उठा सकते हैं।
अगर आप किसी थर्ड पार्टी (जैसे साइबर कैफे या एजेंट) से फॉर्म भरवा रहे हैं, तो यह सुनिश्चित करें कि फॉर्म और पेमेंट रसीद का प्रिंटआउट जरूर ले लें।
भुगतान के तुरंत बाद अगर स्टेटस अपडेट नहीं हो रहा है, तो घबराएं नहीं—दूसरा पेमेंट तुरंत न करें। इग्नू का सुझाव है कि एक दिन रुकें, फिर स्टेटस चेक करें। अगर गलती से एक ही फॉर्म के लिए दो बार भुगतान हो जाता है, तो अतिरिक्त भुगतान रिफंड कर दिया जाएगा।
पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया – एक नजर में
– इग्नू रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जाएं और ‘नया पंजीकरण’ पर क्लिक करें।
– अपनी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
– रजिस्ट्रेशन के बाद, यूज़रनेम (यानी आपकी नामांकन संख्या) और पासवर्ड से लॉगिन करें।
– अगला सत्र जारी रखने के लिए वांछित कोर्स का चयन करें।
– कोर्स के बारे में संपूर्ण जानकारी के लिए ‘प्रोग्राम गाइड’ जरूर पढ़ें।
– भुगतान करें और रसीद सुरक्षित रखें।




Add comment