
ओडिशा सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 से कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों के लिए फेल प्रणाली लागू करने का फैसला लिया है। बुधवार को राज्य के स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अब इन दोनों कक्षाओं में हर वर्ष के अंत में नियमित वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए ओडिशा ने “नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार नियम, 2010” में संशोधन किया है। यदि कोई छात्र इन परीक्षाओं में असफल होता है, तो उसे अतिरिक्त शिक्षण सहायता प्रदान की जाएगी और परिणाम घोषित होने के दो महीने के भीतर उसे दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
यदि छात्र दोबारा परीक्षा में भी असफल रहता है, तो उसे अगली कक्षा में प्रमोट नहीं किया जाएगा और वह उसी कक्षा में रोका जाएगा। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी छात्र को प्राथमिक शिक्षा पूरी होने तक स्कूल से बाहर नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में केंद्र सरकार ने RTE अधिनियम 2010 में संशोधन कर राज्यों को यह अधिकार दिया था कि वे कक्षा 5 और 8 में परीक्षाएं आयोजित कर फेल होने वाले छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट न करने का निर्णय ले सकते हैं। यह बदलाव वर्ष 2019 के संशोधन के पांच साल बाद किया गया।




Add comment