Edinbox Hindi

जेएनयू कुलगुरु की छात्र संघ से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील, कहा- संवाद से निकालें समाधान 

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कुलगुरु शांतिश्री डी. पंडित ने छात्र संघ से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने इस संबंध में छात्र संघ को एक पत्र लिखते हुए कहा कि डॉक्टरों की सलाह और बार-बार हुई मेडिकल जांच के बावजूद छात्रों द्वारा भूख हड़ताल जारी रखना चिंताजनक है।

कुलगुरु ने पत्र में याद दिलाया कि छात्र संघ ने उनके और प्रशासन के साथ कई दौर की बैठकें की हैं, लेकिन सभी मांगों को तुरंत स्वीकार किया जाना न तो व्यावहारिक है और न ही कानूनी रूप से उचित। उन्होंने फिर से आग्रह किया कि छात्र हड़ताल खत्म करें और समाधान के लिए संवाद की टेबल पर लौटें।

छात्र संघ ने 26 जून से पीएचडी प्रवेश परीक्षा की बहाली और अन्य मांगों को लेकर भूख हड़ताल शुरू की हुई है। इस आंदोलन में छात्र संघ अध्यक्ष नीतीश कुमार सहित कई छात्र शामिल हैं, जिनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है।

कुलगुरु की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए छात्र संघ उपाध्यक्ष मनीषा और सचिव मुंतेहा फातिमा ने साफ कहा कि जब तक सभी मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

छात्र संघ की प्रमुख मांगों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से पीएचडी में प्रवेश परीक्षा बहाल करने, वाइवा अंकों को कम प्राथमिकता देने, शोधार्थियों को हॉस्टल खाली करने के नोटिस वापस लेने, थीसिस जमा होने तक हॉस्टल न खाली कराने और प्रदर्शन से जुड़े मामलों में प्रॉक्टोरियल जांच बंद करने जैसी मांगें शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन इनमें से कुछ मांगों को पहले ही स्वीकार कर चुका है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed