Edinbox Hindi

DDU में नया शैक्षणिक सत्र शुरू, 16 जुलाई से शुरू होंगी क्लासेस

गर्मियों की छुट्टियों के बाद दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) में नया शैक्षणिक सत्र शनिवार से औपचारिक रूप से आरंभ हो गया है। हालांकि, स्नातक और स्नातकोत्तर कोर्स के लिए सेमेस्टर कक्षाएं 16 जुलाई से शुरू की जाएंगी।

शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में अकादमिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी विभागों में विभागाध्यक्षों की अध्यक्षता में विभागीय समितियों की बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें आगामी सत्र की कक्षाओं के संचालन, शैक्षणिक योजनाओं और टाइम टेबल पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकांश विभागों ने अपना टाइम टेबल जारी कर दिया है, और कक्षाएं उसी के अनुसार संचालित की जाएंगी। इन बैठकों में शिक्षकों की पूर्ण उपस्थिति रही।

16 जुलाई से शुरू होंगी विषम सेमेस्टर की कक्षाएं
इससे पहले कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों और अन्य विश्वविद्यालय अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि सत्र 2025–26 के अंतर्गत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की विषम सेमेस्टर (UG-3rd & 5th, PG-3rd) की कक्षाएं 16 जुलाई से प्रारंभ की जाएंगी। वर्तमान में प्रवेश प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए इन्हीं सेमेस्टर की कक्षाएं पहले संचालित की जाएंगी।

कक्षाओं से पहले बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर
कुलपति प्रो. टंडन ने निर्देश दिया है कि कक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। पीएम-उषा योजना के तहत चल रहे आधुनिकीकरण कार्यों के बीच, सभी शिक्षण कक्षों में बिजली, पंखा, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश विभागाध्यक्षों, कार्य अधीक्षकों और अभियंताओं को दिया गया है।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए, संपत्ति अधिकारी को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed