
राजधानी दिल्ली के बाद अब भारत की टेक हब बेंगलुरु के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शुक्रवार सुबह शहर के 40 निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिससे पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक, आरआर नगर, केंगेरी समेत विभिन्न इलाकों के स्कूलों को यह धमकी सुबह 7:24 बजे मिली। ईमेल में दावा किया गया कि स्कूल की कक्षाओं में विस्फोटक उपकरण (TNT) छिपाए गए हैं, जिन्हें काले प्लास्टिक बैग में बड़ी सावधानी से रखा गया है।
पुलिस ने तत्काल शुरू की जांच
धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई।
पुलिस जांच में फिलहाल कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। बावजूद इसके, सतर्कता बरतते हुए सभी संबंधित स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ईमेल में क्या लिखा था?
धमकी भरे ईमेल में लिखा गया था: “मैंने स्कूल की कक्षाओं में कई विस्फोटक उपकरण (TNT) रख दिए हैं। उन्हें बड़ी कुशलता से काले प्लास्टिक बैग में छिपाया गया है।”
ईमेल की भाषा और पैटर्न का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस ने जांच के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया है।
दिल्ली में भी मिली थी ऐसी ही धमकी
इस घटना से ठीक पहले दिल्ली में भी 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। शुक्रवार तड़के, सुबह 4:55 बजे, पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल को पहला ईमेल मिला। इसके बाद कई और स्कूलों को इसी तरह के संदेश प्राप्त हुए। मौके पर बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वॉड तैनात किए गए, हालांकि वहां भी तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
लगातार मिल रही इन धमकियों के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी से लेकर बेंगलुरु तक सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। पुलिस इसे सोची-समझी साजिश या साइबर क्राइम का हिस्सा मानकर जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्तों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।




Add comment