
मणिपुर के सरकारी उच्च माध्यमिक स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां तीसरे दिन भी ठप रहीं। राज्य के 600 से अधिक संविदा शिक्षक अपनी सेवाएं नियमित करने और समय पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर पेन-डाउन हड़ताल पर हैं।
छह दिन की हड़ताल, मांगें साफ़
यह हड़ताल लेक्चरर्स एसोसिएशन मणिपुर (2018 बैच) की अगुवाई में सोमवार से शुरू हुई थी और छह दिन तक चलने की घोषणा की गई है। शिक्षकों का आरोप है कि राज्य सरकार ने जनवरी 2022 में नियमितीकरण का जो निर्णय लिया था, वह अब तक लागू नहीं हुआ है। साथ ही अप्रैल 2023 से नियमित वेतन जारी करने के आदेश का भी पालन नहीं किया गया।
“काम किया है, वेतन नहीं मिला”
एक प्रदर्शनकारी व्याख्याता एस. अनीता ने कहा, “हमने अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से निभाई है, यहां तक कि चुनावी कार्यों में भी हिस्सा लिया। लेकिन अब तक हमें नियमित वेतन नहीं मिला है।”
उन्होंने कहा कि “कई स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह से बंद है, लेकिन हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। हमें छात्रों की परेशानी का एहसास है, लेकिन हम खुद भी आर्थिक संकट झेल रहे हैं। हमारी सरकार से अपील है कि वह जल्द से जल्द नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी करे और लंबित वेतन जारी करे।”
छात्रों का भी समर्थन
शिक्षकों की इस हड़ताल को अब छात्रों का भी समर्थन मिलने लगा है। जॉनस्टोन हायर सेकेंडरी स्कूल और सीसी हायर सेकेंडरी स्कूल समेत कई स्कूलों के छात्रों ने गेट के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार से मांग की कि जल्द समाधान निकाला जाए ताकि पढ़ाई फिर से शुरू हो सके।




Add comment