Edinbox Hindi

केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में 12,000 से अधिक शिक्षकों के पद खाली, केंद्र सरकार ने राज्यसभा में दी जानकारी

देशभर के केंद्रीय विद्यालयों (KVS) और नवोदय विद्यालयों (NVS) में शिक्षकों की भारी कमी है। केंद्र सरकार के शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने बुधवार को राज्यसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से बताया कि दोनों संस्थानों में कुल 12,088 शिक्षक पद रिक्त हैं।

इनमें केंद्रीय विद्यालय संगठन में 7,765 और नवोदय विद्यालय समिति में 4,323 पद खाली हैं।

रिक्तियों के पीछे कई कारण: मंत्री का स्पष्टीकरण
राज्यमंत्री ने बताया कि शिक्षक पदों पर रिक्तियां नए विद्यालयों की स्थापना, सेवानिवृत्ति, इस्तीफा, पदोन्नति, स्थानांतरण, अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति और विद्यालयों के उन्नयन जैसी विभिन्न परिस्थितियों के कारण उत्पन्न होती हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया नियमित रूप से चलती रहती है और इसे संबंधित भर्ती नियमों के तहत पूरा किया जाता है।

संविदा शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था
मंत्री ने यह भी बताया कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अस्थायी रूप से संविदा शिक्षकों की नियुक्ति की जाती है, ताकि शिक्षण कार्य में किसी प्रकार की रुकावट न आए।

NCERT और NCTE में भी रिक्त पदों की जानकारी
राज्यमंत्री ने यह जानकारी भी साझा की कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) में ग्रुप-ए शैक्षणिक पदों पर 143 रिक्तियां हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) में 60 पद वर्तमान में खाली हैं।

सरकार कर रही है ठोस प्रयास
सरकार इन सभी संस्थानों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए ठोस और नियोजित कदम उठा रही है, ताकि देश की शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलती रहे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed