
भारत सरकार ने उच्च तकनीकी शिक्षा को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से IIT जम्मू, पलक्कड़, भिलाई, तिरुपति और धारवाड़ में बीटेक, एमटेक और पीएचडी कोर्सेस की सीटें बढ़ाने का फैसला किया है। अगले चार वर्षों में इन पांच IITs में हर साल औसतन 1,600 सीटों का इजाफा किया जाएगा।
2025-26 सत्र में 1,364 सीटें बढ़ीं
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इन पांचों संस्थानों में कुल 1,364 नई सीटें जोड़ी गई हैं। IIT जम्मू में सबसे अधिक 251 सीटें बढ़ाई गई हैं, जो खासतौर पर कंप्यूटर साइंस और अन्य कोर टेक्नोलॉजी विषयों में हैं, जिनकी मार्केट में भारी मांग है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2028-29 तक इन संस्थानों में कुल 6,576 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हो जाएं।
130 नए फैकल्टी पद और अत्याधुनिक सुविधाएं
सीटों में इजाफे के साथ-साथ 130 नए फैकल्टी पद भी सृजित किए गए हैं। साथ ही, क्लासरूम, हॉस्टल, लैब, फैकल्टी हाउसिंग और अन्य शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने पर 11,828.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कर्मचारियों, शोधकर्ताओं और सहायक स्टाफ की भी भर्ती की जाएगी।
चार वर्षों में छात्र संख्या बढ़कर 13,687 होगी
वर्तमान में इन पांचों नए IITs में 7,111 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। आगामी चार वर्षों में सीटों की संख्या निम्नानुसार बढ़ेगी:
2025-26: 1,364 नई सीटें
2026-27: 1,738 सीटें
2027-28: 1,767 सीटें
2028-29: 1,707 सीटें
इस तरह छात्र संख्या बढ़कर 13,687 तक पहुंच जाएगी।
रोजगार, इनोवेशन और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
नई सीटें उद्योग की मांग के अनुरूप तकनीकी विषयों में जोड़ी जा रही हैं, जिससे छात्र स्नातक की पढ़ाई के दौरान ही आवश्यक कौशल और रोजगार योग्य दक्षता हासिल कर सकें।
इसके अलावा, इनोवेशन और स्टार्टअप कल्चर को बढ़ावा देने के लिए इन संस्थानों में पांच अत्याधुनिक अनुसंधान पार्क स्थापित किए जाएंगे।
IITs में बढ़ रही है शिक्षा की पहुंच
पिछले दस वर्षों में 23 IITs में विद्यार्थियों की कुल संख्या 65,000 से बढ़कर 1.35 लाख हो गई है, जो देश में तकनीकी शिक्षा के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण रिसर्च की दिशा में एक बड़ा कदम है।




Add comment