Edinbox Hindi

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों का अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में जलवा, कैंपस प्लेसमेंट में करोड़ों के पैकेज मिले

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रहे हैं। कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के जरिए विदेशी कंपनियों में उनकी मांग लगातार बढ़ रही है। कई छात्रों को 60 लाख रुपये तक के सालाना पैकेज की पेशकश की जा रही है, जिससे जामिया का प्लेसमेंट रिकॉर्ड नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है।

इंजीनियरिंग छात्रों को सबसे ज्यादा ऑफर
सबसे अधिक ऑफर इंजीनियरिंग के छात्रों को मिले हैं। बीटेक, एमटेक, एमसीए, बीए एलएलबी जैसे विभिन्न कोर्स के छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ है। जामिया के प्लेसमेंट सेल के अनुसार हर वर्ष प्लेसमेंट में भाग लेने वाली कंपनियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। विश्वविद्यालय की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रो. साथमा सईद ने बताया कि अब न सिर्फ देश की, बल्कि विदेश की कंपनियां भी जामिया के छात्रों को रोजगार के लिए प्राथमिकता दे रही हैं।

2024–25: 51 लाख रुपये का सालाना पैकेज
शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान एक बीटेक छात्र को 51 लाख रुपये प्रतिवर्ष का पैकेज मिला है। इस वर्ष लगभग 32 कंपनियों में छात्रों का प्लेसमेंट हुआ, जिनमें कई छात्रों को 24.5 लाख रुपये तक के सालाना पैकेज मिले हैं। खास बात यह है कि प्लेसमेंट में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

सरकारी कंपनियों के ऑफर भी शानदार
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ने इस सत्र में बीटेक छात्रों को 20.31 लाख रुपये और मशीन डिजाइन विशेषज्ञता वाले एमटेक छात्र को 22 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज दिया। एमए एचआरएम की छात्राओं और बीए एलएलबी के छात्रों को भी 12 लाख रुपये तक के सालाना पैकेज मिले हैं।

2023–24 में मिला था रिकॉर्ड 59.91 लाख का पैकेज
पिछले वर्ष यानी 2023-24 में पांच अंतरराष्ट्रीय कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट में शामिल हुई थीं। एक बीटेक छात्र को उस दौरान रिकॉर्ड 59.91 लाख रुपये प्रतिवर्ष का पैकेज मिला। उज्बेकिस्तान और सऊदी अरब की कंपनियों ने भी छात्रों की नियुक्ति की थी। 2022-23 में एमबीए छात्रों को दुबई की कंपनी से 24 लाख रुपये और बीटेक छात्रों को 21 लाख रुपये के पैकेज मिले थे। जापान की एक कंपनी ने बीटेक और एमटेक छात्रों को 19 लाख रुपये का ऑफर दिया था।

विदेशी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के अवसर
प्लेसमेंट के अलावा जामिया के छात्रों को दुनिया के प्रमुख विश्वविद्यालयों में शोध और उच्च शिक्षा के लिए भी चयनित किया गया है। इनमें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं शामिल हैं।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया का यह प्रदर्शन न केवल संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है, बल्कि छात्रों की मेहनत और प्रतिभा का भी प्रमाण है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed