Edinbox Hindi

CBSE 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, केवल 38.38% छात्र हुए उत्तीर्ण

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 2025 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल सभी छात्र अपने अंक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर देख सकते हैं। अंकों के सत्यापन की प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू होगी।

मार्कशीट में ये विवरण होंगे शामिल
छात्रों की डिजिटल मार्कशीट में उनका नाम, विषयवार अंक, थ्योरी व प्रैक्टिकल स्कोर, कुल अंक और उत्तीर्ण/अनुत्तीर्ण स्थिति जैसी जानकारियां दर्ज होंगी।

परीक्षा परिणाम: कुल 38.38% छात्र पास
इस साल कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा के लिए 1,43,581 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,38,666 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 53,201 छात्र (38.36%) सफल रहे।

विदेशों के स्कूल केंद्रों में 938 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि 918 छात्र परीक्षा में बैठे। इनमें से 486 छात्र (52.94%) सफल हुए।

लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 41.35% रहा, जबकि लड़कों का 36.79% रहा—अंतर 4.56% का रहा।

विशेष आवश्यकता वाले छात्र (CWSN) श्रेणी में 278 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया, 273 उपस्थित हुए और 137 छात्र (50.18%) परीक्षा में सफल हुए।

15 जुलाई को हुई थी परीक्षा
CBSE कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षाएं 15 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं का आयोजन देशभर के साथ-साथ विदेशों के 26 देशों में मौजूद परीक्षा केंद्रों पर भी किया गया।

गौरतलब है कि कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं के नतीजे पहले ही 13 मई 2025 को जारी किए जा चुके हैं। इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 17,04,367 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 14,96,307 छात्र सफल हुए थे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed