
नीति आयोग ने देश के विकास में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘Work for Viksit Bharat’ नामक एक नया पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल के माध्यम से अर्थशास्त्र, बिग डेटा, इंफ्रास्ट्रक्चर, आईटी, टेलीकॉम और क्लाइमेट चेंज जैसे विविध क्षेत्रों में पेशेवरों की नियुक्ति की जाएगी।
लॉन्च किया गया पोर्टल – workforbharat.niti.gov.in – योग्य उम्मीदवारों को जूनियर प्रोफेशनल से लेकर वरिष्ठ सलाहकार तक विभिन्न पदों के लिए आवेदन का अवसर देगा।
विकसित भारत मिशन का हिस्सा बनने का मौका
एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि इस पहल का उद्देश्य देश के विकास में योगदान देने के इच्छुक कुशल पेशेवरों को नीति निर्माण और विकास प्रणाली से जोड़ना है। यह पोर्टल उम्मीदवारों को उनकी विशेषज्ञता के अनुसार राष्ट्रीय विकास परियोजनाओं में सीधे भाग लेने का अवसर देगा।
यह पहल सरकार के सतत और समावेशी विकास के लक्ष्य को समर्थन देने के लिए टैलेंट हंट पर केंद्रित है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस पोर्टल पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास निम्न में से कोई एक शैक्षिक योग्यता होनी चाहिए:
– संबंधित विषय में मास्टर डिग्री
– BE/B.Tech
– प्रबंधन में 2 वर्षीय पीजी डिप्लोमा
– MBBS / LLB / CA / ICWA
– 10+2 के बाद 4 वर्षीय या उससे अधिक अवधि की प्रोफेशनल डिग्री
आवेदन प्रक्रिया: कैसे करें रजिस्ट्रेशन
पोर्टल पर जाएं: workforbharat.niti.gov.in
अकाउंट बनाएं: अपनी बुनियादी जानकारी देकर अकाउंट रजिस्टर करें।
जानकारी भरें: लॉग इन कर शैक्षिक और पेशेवर विवरण दर्ज करें।
जॉब अलर्ट पाएं: पोर्टल पर उपलब्ध प्रासंगिक नौकरियों और इंटरव्यू की जानकारी प्राप्त करें।
यह पोर्टल युवा प्रतिभाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जिससे वे सीधे भारत की नीति और विकास प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं।




Add comment