Edinbox Hindi

उत्तर प्रदेश में कोई बेसिक स्कूल बंद नहीं होगा, नामांकन की आयु में भी बदलाव नहीं: मंत्री संदीप सिंह

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने दोबारा साफ किया है कि प्रदेश में किसी भी बेसिक स्कूल को बंद नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल पहले की तरह संचालित होते रहेंगे। उन्होंने बच्चों के नामांकन की आयु घटाने की संभावना को भी खारिज करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय मानक है कि कक्षा 1 में प्रवेश के समय बच्चा 6 वर्ष का और कक्षा 8 तक 14 वर्ष का होना चाहिए। इसी आधार पर शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत आठवीं तक की अनिवार्य शिक्षा दी जा रही है, इसलिए नामांकन की आयु में बदलाव संभव नहीं है।

मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में करीब 1 करोड़ 5 लाख बच्चे बेसिक शिक्षा स्कूलों में पढ़ रहे हैं, जिन्हें लगभग 3,38,000 शिक्षक और 1 लाख से अधिक शिक्षामित्र पढ़ा रहे हैं। वर्तमान में बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में प्रति शिक्षक छात्र अनुपात 1:35 और 1:30 है, जिसे और बेहतर बनाने पर काम जारी है।

गौरतलब है कि 11 अगस्त से यूपी विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो चुका है। सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने बैनर-पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया और “आप चलाइए मधुशाला, हम चलाएंगे PDA पाठशाला” जैसे नारे लगाए। चार दिन के इस सत्र में हंगामे की पूरी संभावना जताई जा रही है। विपक्ष ने सत्र को बेहद छोटा बताते हुए इसकी अवधि बढ़ाने की मांग की है, जबकि सरकार के अनुसार यह सत्र 14 अगस्त को समाप्त होगा। सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed