
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने आईटीआई प्रतियोगी प्रवेश परीक्षा (I.T.I.C.A.T.) 2025 की राउंड 2 सीट आवंटन प्रक्रिया को “अपरिहार्य तकनीकी कारणों” से रद्द कर दिया है। इसके साथ ही 17 से 19 अगस्त तक प्रस्तावित डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन प्रक्रिया भी फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
नई तारीखें जल्द जारी होंगी
BCECEB के अनुसार, राउंड 2 सीट आवंटन की संशोधित तारीखें और नई सीट अलॉटमेंट लिस्ट जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर जारी की जाएगी।
अब अभ्यर्थियों को क्या करना है?
नई सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी होने पर चयनित अभ्यर्थी को प्रोविजनल अलॉटमेंट ऑर्डर और चॉइस स्लिप डाउनलोड करनी होगी। इन दस्तावेजों को निर्धारित समय सीमा में रिपोर्टिंग सेंटर या नोडल सेंटर पर डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन के दौरान प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
सीट अपग्रेडेशन और एडमिशन के नियम
यदि किसी उम्मीदवार की सीट राउंड 2 में अपग्रेड होती है, तो उसे राउंड 1 की डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन स्लिप साथ लानी होगी। यदि सीट में कोई बदलाव नहीं होता और पहले से आवंटित सीट ही बरकरार रहती है, तो अभ्यर्थी को उसी पर एडमिशन लेना होगा। एडमिशन न लेने पर सीट खाली घोषित कर दी जाएगी।
आरक्षण नीति और जिलेवार सीट वितरण
BCECEB गाइडलाइंस के मुताबिक 75% सीटें संबंधित जिले के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। शेष 25% सीटों पर राज्य के किसी भी जिले के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। महिला आईटीआई संस्थानों में जिले की कोई बाध्यता नहीं होगी।
परीक्षा का आयोजन
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रतियोगिता प्रवेश परीक्षा (I.T.I.C.A.T. 2025) का आयोजन 15 जून 2025 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा का परिणाम पहले ही प्रकाशित किया जा चुका है।




Add comment