
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में नए छात्रावास भवनों का उद्घाटन और कई भवनों की आधारशिला रखते हुए कहा कि सरकार इस ऐतिहासिक संस्थान की पहचान को पुनर्जीवित करेगी। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय मानकों पर विकसित किया जाएगा और इसे ऑक्सफोर्ड व स्टैनफोर्ड जैसी संस्थाओं के बराबर लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के विकास की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक इंजीनियर्स समिति गठित करने के निर्देश दिए और अधिकारियों से जल्द प्रस्ताव पेश करने को कहा।
राजनीति पर भी साधा निशाना
रेवंत रेड्डी ने स्पष्ट किया कि उनकी अगली बैठक आर्ट्स कॉलेज में होगी, जहां विश्वविद्यालय विकास के लिए धनराशि की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि उस बैठक में किसी तरह की पुलिस तैनाती नहीं होगी। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “विपक्ष चाहे मेरे दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन करे, मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार हूं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी नेता सत्ता खोने के बाद हताश हैं और बीआरएस नेतृत्व अपने उत्तराधिकार को लेकर चिंतित है।
छात्रों को बहकावे से बचने की अपील
सीएम ने छात्रों से सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही गलत सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपक्ष आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लेकर सरकार के खिलाफ झूठी खबरें फैला रहा है। रेवंत रेड्डी ने विपक्ष को “तेलंगाना समाज में दीमक” बताते हुए कहा कि वे राज्य के विकास में बाधा डाल रहे हैं।
इतिहास और संघर्षों का गवाह रहा विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस्मानिया विश्वविद्यालय सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि संघर्ष और आंदोलन की भूमि भी रहा है। यहां से पी.वी. नरसिम्हा राव, एस. जयपाल रेड्डी और शिवराज पाटिल जैसे दिग्गज नेता निकले, जिन्होंने देश और राज्य को नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने तेलंगाना आंदोलन में भी अहम भूमिका निभाई और छात्रों को हमेशा समाज के लिए लड़ना सिखाया।
युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर
रेवंत रेड्डी ने कहा कि उनकी सरकार ने बौद्धिक और समाज-समझ रखने वाले कुलपतियों की नियुक्ति की है, ताकि विश्वविद्यालय विचार और ज्ञान का केंद्र बने। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने पर चिंता जताई और गांजे की लत को गंभीर खतरा बताया। सीएम ने कहा कि “देश की 60% आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है, यही हमारी असली संपत्ति है। हमें युवाओं को नशे की लत से बचाकर उनकी क्षमता को राष्ट्र निर्माण में लगाना होगा।”




Add comment