
कर्नाटक के यादगीर ज़िले में एक सरकारी आवासीय स्कूल के शौचालय में 9वीं कक्षा की छात्रा ने एक बच्चे को जन्म दिया। फिलहाल छात्रा और नवजात दोनों सुरक्षित हैं और शाहपुर के सरकारी अस्पताल में इलाज के तहत हैं।
यह घटना बुधवार दोपहर हुई, लेकिन इसकी जानकारी गुरुवार को सामने आई। कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य शशिधर कोसाम्बे ने अधिकारियों को रिपोर्ट दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई
कोसाम्बे ने कहा कि स्कूल के ज़िम्मेदार अधिकारियों ने आयोग को समय पर सूचना नहीं दी। इसलिए स्वत: संज्ञान लेते हुए स्कूल के प्राचार्य और स्टाफ पर मामला दर्ज किया जाएगा।
जांच के आदेश
उन्होंने बताया कि राज्य में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। मैंने यादगीर के डीसीपी को स्कूल जाकर जांच करने और केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। साथ ही आज शाम तक विस्तृत रिपोर्ट आयोग को सौंपने के लिए भी कहा है।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही
कोसाम्बे ने यह भी कहा कि स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों को हर महीने छात्राओं की जांच करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस लापरवाही के लिए संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।




Add comment