Edinbox Hindi

डीयू में छात्रों का डेटा लीक, NSUI ने शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव नजदीक आते ही सियासी माहौल गरमा गया है। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के छात्रों का निजी डेटा लीक हो गया है और इसका दुरुपयोग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कर रही है।

शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर तुरंत और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं।

छात्रों की शिकायतें और चिंता
NSUI का कहना है कि कई छात्रों ने उनकी निजी जानकारी लीक होने की शिकायत की है। संगठन ने आरोप लगाया कि एबीवीपी इस डेटा का चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है।

चौधरी ने कहा, “यह सिर्फ निजता का उल्लंघन नहीं है, बल्कि छात्रों के अधिकारों और सुरक्षा पर सीधा हमला है। खासकर महिला छात्रों की व्यक्तिगत जानकारी बिना सहमति के इस्तेमाल की जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है।”

संवेदनशील डेटा पर गंभीर सवाल
NSUI ने दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रणाली और समर्थ पोर्टल से छात्रों के संवेदनशील डेटा के दुरुपयोग पर गंभीर चिंता जताई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो यह मामला छात्रों की सुरक्षा और विश्वास दोनों को प्रभावित करेगा।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed