Edinbox Hindi

भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात, उत्तर भारत के कई राज्यों में स्कूल बंद

उत्तर भारत में जारी भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों और जिलों में 3 सितंबर 2025 (बुधवार) को स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में यह आदेश केवल विशेष स्कूलों पर लागू होगा, इसलिए अभिभावकों को सलाह दी गई है कि छुट्टी की जानकारी अपने-अपने विद्यालय से अवश्य लें।

शिमला: भारी बारिश और भूस्खलन के कारण अवकाश
शिमला जिला प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए 3 सितंबर को सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को उपस्थिति से छूट दी गई है, लेकिन सभी कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएंगी।

गाजियाबाद: नर्सरी से 12वीं तक सभी स्कूल बंद
गाजियाबाद में जिलाधिकारी ने आदेश दिया है कि नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालय 3 सितंबर को बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह कदम छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

गौतमबुद्धनगर: सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश
लगातार बारिश के चलते गौतमबुद्धनगर जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी बोर्डों (CBSE, ICSE सहित) के नर्सरी से 12वीं तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। आदेश जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर जारी किए गए।

उत्तराखंड: दो जिलों में छुट्टी
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद उत्तराखंड के चंपावत और चमोली जिलों में सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी 3 सितंबर को बंद रहेंगे। यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है।

मेरठ: 8वीं तक के स्कूल बंद
मेरठ में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने घोषणा की है कि परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और मदरसा बोर्ड के सभी स्कूलों में नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों की छुट्टी रहेगी।

मथुरा: दो दिन के लिए सभी स्कूल बंद
लगातार बारिश से यमुना का जलस्तर बढ़ने और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद मथुरा के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने आदेश जारी किया है कि 3 और 4 सितंबर को कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

पंजाब: 3 सितंबर तक सभी स्कूलों में अवकाश
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल 3 सितंबर तक बंद रहेंगे। पहले छुट्टी 30 अगस्त तक थी, जिसे बढ़ाकर अब 3 सितंबर तक कर दिया गया है।

हरियाणा: झज्जर जिले में स्कूल बंद
झज्जर जिले में भारी बारिश और जलभराव की वजह से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आदेश जारी किया है कि 3 सितंबर को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा जाएगा।

चंडीगढ़: सभी स्कूलों को अवकाश
चंडीगढ़ प्रशासन ने भी आदेश जारी कर कहा है कि 3 सितंबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि, यदि स्कूल प्रबंधन चाहे तो गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए शिक्षकों को बुला सकता है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed