
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक प्रोग्राम में अंतिम चरण के दाखिले की घोषणा की है। इस मॉप-अप राउंड में प्रवेश 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर होगा। इस बार सीयूईटी स्कोर की अनिवार्यता नहीं रहेगी। विश्वविद्यालय ने गुरुवार से इस राउंड की शुरुआत की है, ताकि साइंस सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में खाली सीटों को भरा जा सके। सीट भरने की जिम्मेदारी सीधे कॉलेजों को दी गई है।
आवेदन प्रक्रिया और शुल्क
आवेदन अवधि: 4 से 7 सितंबर 2025
शुल्क: सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस श्रेणी – ₹250; एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी – ₹100
मॉप-अप शुल्क: अतिरिक्त ₹1000
प्रवेश पत्रक और सीट आवंटन प्रक्रिया केवल ugadmission.uod.ac.in पोर्टल के माध्यम से होगी।
प्रवेश की समय-सीमा
– खाली सीटों की जानकारी 4 सितंबर शाम 5 बजे तक जारी होगी।
– कॉलेज 8 से 11 सितंबर के बीच सीटों का आवंटन करेंगे।
– चयनित छात्रों को 13 सितंबर तक फीस का भुगतान करना होगा।
महत्वपूर्ण नियम
– जिन्होंने पहले आवेदन किया था पर सीट नहीं मिली, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। वे केवल प्रोफाइल अपडेट कर सकते हैं।
– जिन्होंने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पर आवेदन ही नहीं किया था, अब वे 12वीं के अंकों के आधार पर आवेदन कर सकते हैं।
– सीयूईटी स्कोर के आधार पर पहले से सीट पाने वाले छात्र इस राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे।
आवेदन के दौरान छात्रों को 12वीं के सही अंक दर्ज करने होंगे। कंपार्टमेंट परीक्षा पास करने वाले भी पात्र होंगे।
कॉलेजों की चयन प्रक्रिया
– न्यूनतम और कार्यक्रम-विशिष्ट पात्रता को ध्यान में रखते हुए सर्वश्रेष्ठ चार विषयों (एक भाषा सहित) पर आधारित मेरिट तैयार होगी।
– समान अंक होने पर टाई-ब्रेकिंग नियम लागू होंगे।
– एक छात्र को एक समय में कई सीटें आवंटित हो सकती हैं, लेकिन उसे एक ही को स्वीकार करना होगा।
– नए आवंटन को स्वीकारने पर पूर्व दाखिला रद्द हो जाएगा और छात्र को अंतर शुल्क (यदि कोई हो) दो दिन के भीतर जमा करना होगा।
– प्रवेश के समय छात्र को शपथ पत्र देना होगा कि वह 2025-26 सत्र में डीयू के किसी अन्य कॉलेज में दाखिल नहीं है।
अंतिम अवसर
प्रो. हनीत गांधी (डीन, एडमिशन) ने स्पष्ट किया कि मॉप-अप राउंड के बाद दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। ऐसे में यह छात्रों के लिए सीट पाने का आखिरी मौका है।




Add comment