
टेक्सास के फ्रिस्को की 17 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्रा तेजस्वी मनोज को टाइम पत्रिका ने वर्ष 2025 का किड ऑफ द ईयर चुना है। तेजस्वी का मिशन खास है—वह उन वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए काम कर रही हैं, जो अक्सर ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं।
‘शील्ड सीनियर्स’ से बुजुर्गों को ऑनलाइन सुरक्षा
उनकी पुरस्कार-विजेता परियोजना शील्ड सीनियर्स एक विशेष वेबसाइट है, जो 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को फर्जी संदेशों और ईमेल से बचाने में मदद करती है। इस वेबसाइट पर संदिग्ध मेल या टेक्स्ट अपलोड करने पर एआई सिस्टम उन्हें स्कैन करता है और यदि वे धोखाधड़ी वाले साबित होते हैं तो रिपोर्ट करने का विकल्प देता है।
टाइम ने घोषणा करते हुए कहा, “अमेरिका के बुजुर्गों को सुरक्षा की बेहद जरूरत है और तेजस्वी इस दिशा में पूरी तरह समर्पित हैं।” तेजस्वी न केवल किड ऑफ द ईयर बनीं, बल्कि टाइम फॉर किड्स सर्विस स्टार पाने वाली पहली हस्ती भी हैं। यह सम्मान उन युवाओं को दिया जाता है जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
कोडिंग से लेकर समाज सेवा तक की यात्रा
तेजस्वी ने आठवीं कक्षा से कोडिंग शुरू की थी और 2024 में कांग्रेसनल ऐप चैलेंज में पहचान बनाई। 2025 की शुरुआत में उन्होंने टेक्सास के प्लानो में TEDx Talk दिया, जिसमें उन्होंने हर पीढ़ी को तकनीक से जोड़ने वाले “डिजिटल पुल” की जरूरत पर जोर दिया।
तकनीक के अलावा, वे स्कूल ऑर्केस्ट्रा में वायलिन बजाती हैं, स्काउटिंग अमेरिका की सदस्य हैं, विभा नामक गैर-लाभकारी संस्था के साथ भूटानी शरणार्थियों को गणित और अंग्रेजी पढ़ाती हैं तथा नॉर्थ टेक्सास फूड बैंक यंग एडवोकेट्स काउंसिल में भी सेवा देती हैं।
तेजस्वी कहती हैं, “मैंने छठी कक्षा से ही वॉलंटियर का काम शुरू किया। अगर आप खुद खुशकिस्मत हैं, तो आपको दूसरों को भी प्यार और खुशी महसूस कराने की कोशिश करनी चाहिए।”
भविष्य की योजना
अभी शील्ड सीनियर्स मुफ्त एआई इंजन पर निजी परीक्षण में चल रहा है। तेजस्वी चाहती हैं कि फंड जुटाकर इसे बड़े स्तर पर लाया जाए ताकि यह ज्यादा से ज्यादा लोगों की मदद कर सके। उन्होंने परिवारों से अपील की कि वे अपने बुजुर्ग प्रियजनों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने पर ध्यान दें।




Add comment