Edinbox Hindi

इंजीनियरिंग के बाद प्लेसमेंट में तमिलनाडु देश में अव्वल, उत्तर भारत में यूपी सबसे आगे

बीटेक और बीई डिग्री पूरी करने वाले छात्रों के कैंपस प्लेसमेंट में तमिलनाडु ने पूरे देश में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। वहीं उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। महाराष्ट्र राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे नंबर पर है, जहां हर साल एक लाख से अधिक छात्रों को डिग्री से पहले ही ऑफर लेटर मिल रहे हैं।
यह खुलासा एआईसीटीई (अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद) की पांच साल की रिपोर्ट में हुआ है।

दक्षिण भारत का दबदबा
एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. टी. जी. सीताराम के अनुसार, तमिलनाडु राष्ट्रीय चार्ट पर लगातार हावी है। यहां हर साल औसतन 1.6 से 1.75 लाख छात्रों को प्लेसमेंट मिलता है।
इसके बाद दूसरा बड़ा केंद्र कर्नाटक है, जहां वर्ष 2024-25 में 79,644 छात्रों को नौकरी मिली। बेंगलुरु का नवाचार और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र इसमें अहम योगदान दे रहा है।
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश ने भी उल्लेखनीय स्थिरता दिखाई है। यहां 2020-21 में प्लेसमेंट 1.23 लाख थे, जो 2024-25 में बढ़कर 1.57 लाख तक पहुँच गए।

पश्चिमी और पूर्वी भारत की स्थिति
पश्चिमी क्षेत्र के महाराष्ट्र और गुजरात में भी प्लेसमेंट ग्राफ ऊपर गया है। 2020-21 में जहां आंकड़ा 94,654 था, वहीं 2024-25 में यह 1.03 लाख तक पहुंच गया। अकेले महाराष्ट्र में संख्या 91,602 से बढ़कर एक लाख हो गई।
पूर्वी भारत के कॉलेजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। यहां 2020-21 में प्लेसमेंट 64,052 से बढ़कर 2024-25 में 85,761 तक पहुँच गए।

उत्तर भारत में यूपी नंबर वन
उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। यहां प्लेसमेंट 2020-21 के 63 हजार से बढ़कर 2024-25 में 72 हजार तक पहुंच गए।
अन्य राज्यों की स्थिति:
मध्य प्रदेश – 41,000
हरियाणा – 22,000
राजस्थान – 14,000
दिल्ली – 13,000
उत्तराखंड – 6,000
हिमाचल प्रदेश – 1,700

हालांकि, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और चंडीगढ़ के इंजीनियरिंग कॉलेजों में पिछले वर्ष की तुलना में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।

प्लेसमेंट बढ़ने के पीछे वजहें
रिपोर्ट के मुताबिक, औद्योगिक विस्तार, स्टार्टअप संस्कृति और कौशल विकास कार्यक्रमों ने कैंपस प्लेसमेंट की रफ्तार तेज की है। जिन राज्यों में मजबूत औद्योगिक आधार और नवाचार की संस्कृति है, वहां छात्रों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed