Edinbox Hindi

SSC CGL परीक्षा पर आयोग की सख्त एडवाइजरी, गड़बड़ी करने वाले उम्मीदवारों को किया जाएगा डिबार

स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) ने सीजीएल परीक्षा 2025 को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी, हैकिंग, रिमोट एक्सेस या अनियमित गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

आयोग ने साफ कहा है कि दोषी पाए जाने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा से डिबार कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि एसएससी सीजीएल 2025 परीक्षा पूरे देश में 12 सितंबर से 26 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।

गड़बड़ी करने पर होगी कार्रवाई
10 सितंबर को जारी पिछली एडवाइजरी में भी एसएससी ने कहा था कि परीक्षा के दौरान तकनीकी निगरानी में किसी गड़बड़ी का पता चलता है तो उम्मीदवार की परीक्षा तुरंत नहीं रोकी जाएगी। उन्हें परीक्षा पूरी करने दी जाएगी ताकि अन्य परीक्षार्थियों को दिक्कत न हो। लेकिन जांच में दोषी पाए जाने पर न केवल उनके अंक निरस्त कर दिए जाएंगे, बल्कि उन्हें भविष्य की परीक्षाओं से भी बाहर कर दिया जाएगा।

हैकिंग और रिमोट टेकओवर पर विशेष नजर
आयोग ने बताया कि कुछ केंद्रों पर सिस्टम पर हैकिंग और रिमोट टेकओवर की कोशिशें देखी गई हैं। ऐसे मामलों में डिजिटल जांच के बाद दोषी उम्मीदवारों पर आपराधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषी परीक्षा केंद्रों पर भी कानूनी कार्यवाही होगी।

आयोग ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे परीक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की अनियमित गतिविधि से दूर रहें। एसएससी ने दोहराया है कि वह पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षा आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

परीक्षा की मौजूदा स्थिति
आयोग ने जानकारी दी है कि देशभर में सीजीएल परीक्षा 2025 सुचारू रूप से चल रही है। अब तक कुल 2,435 शिफ्ट्स में से केवल 25 शिफ्ट्स रद्द की गई हैं, जिससे करीब 7,705 उम्मीदवार प्रभावित हुए हैं। वहीं, टीयर-1 परीक्षा 26 सितंबर तक 227 केंद्रों पर जारी रहेगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed