
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में यूपी के चार लाख छात्र-छात्राओं को दिवाली गिफ्ट के रूप में छात्रवृत्ति वितरित की। उन्होंने घोषणा की कि अब छात्रवृत्ति, जो पहले फरवरी-मार्च में मिलती थी, सितंबर माह से ही उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, उन्होंने छात्रवृत्ति प्रणाली में बड़े बदलाव की ओर इशारा किया।
वन नेशन-वन स्कॉलरशिप पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत हर बच्चे को स्कूल तक पहुंचाना और ड्रॉपआउट रेट घटाना सरकार की प्राथमिकता है। आने वाले समय में “वन नेशन-वन स्कॉलरशिप” व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत छात्र के एडमिशन होते ही एक क्लिक में छात्रवृत्ति सीधे उसके बैंक अकाउंट में भेजी जाएगी।
पिछले साल वंचित छात्रों को भी मिलेगा लाभ
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि पिछले वर्ष 60 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई थी। इस बार खास बात यह है कि जो छात्र किसी कारणवश, चाहे तकनीकी दिक्कत हो या अन्य वजह, पिछली बार छात्रवृत्ति नहीं पा सके थे, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा।
छात्रवृत्ति एप और एआई आधारित प्रक्रिया
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सरकार एक विशेष एप विकसित कर रही है, जिसमें छात्रवृत्ति से जुड़ी पूरी जानकारी छात्रों को मिलेगी। सीएम योगी ने बताया कि अक्सर स्कूलों से डेटा फीडिंग में त्रुटि होने के कारण छात्र वंचित रह जाते हैं। इसे दूर करने के लिए एआई तकनीक का उपयोग किया जाएगा, ताकि मानवीय त्रुटियां कम हों और पंजीकरण के तुरंत बाद छात्रों को मोबाइल पर पूरी जानकारी उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही समय पर छात्रवृत्ति उनके खाते में पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।




Add comment