Edinbox Hindi

जयपुर के युवा स्पर्श अग्रवाल ने बनाया भारत का पहला स्पीच-टू-स्पीच एआई मॉडल, दुनिया में बढ़ाया देश का मान

Jaipur youth Sparsh Agarwal created India's first speech-to-speech AI model

राजस्थान के 25 वर्षीय युवा उद्यमी स्पर्श अग्रवाल ने भारत को एआई तकनीक की नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। उनकी स्टार्टअप Pixa AI ने हाल ही में दुनिया के शुरुआती स्पीच-टू-स्पीच फाउंडेशनल एआई मॉडल्स में से एक Luna AI लॉन्च किया है — जो न सिर्फ बात कर सकता है बल्कि गाना, फुसफुसाना, रुकना और भावनात्मक रूप से प्रतिक्रिया देना भी जानता है।

 

सबसे बड़ी बात यह है कि स्पर्श ने यह उपलब्धि बिना किसी बड़ी टेक इंफ्रास्ट्रक्चर या वेंचर कैपिटल फंडिंग के हासिल की।

 

क्या है Luna AI?

Pixa AI के तहत विकसित Luna एक ऐसा एआई मॉडल है जो सीधे ऑडियो को प्रोसेस करता है और मानवीय भावनाओं जैसी प्राकृतिक आवाज पैदा करता है। इससे बातचीत अधिक जीवंत, तेज और प्रभावशाली हो जाती है।

 

स्पर्श अग्रवाल के मुताबिक, “Luna AI टोन, पॉज़ और एक्सप्रेशन बदल सकती है — यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। यह केवल बोलती नहीं, बल्कि इंसान की तरह महसूस कराती है।”

 

केंद्रीय आईटी मंत्री ने की सराहना 

हाल ही में स्पर्श अग्रवाल ने केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। मंत्री ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवयुवक भारत के एआई भविष्य की नई पहचान हैं।

 

लॉन्च के बाद स्पर्श ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा — “हर कोई पूछता है – भारत का एआई कहां है? आज जवाब हमारे पास है। मिलिए Luna से — जो ऑडियो, म्यूजिक और स्पीच को एकीकृत करने वाला दुनिया का पहला स्पीच-टू-स्पीच फाउंडेशनल एआई मॉडल है।”

 

उद्योग जगत ने भी दी सराहना

HCL के को-फाउंडर अजय चौधरी ने एक्स पर लिखा — “स्पर्श ने भारत का पहला ऐसा शानदार प्रोडक्ट बनाया है!”

 

वहीं, वॉयस एआई विशेषज्ञ सुदर्शन कामथ ने कहा — “ऐसे डीप-टेक फाउंडर्स को हमें और प्रोत्साहन देना चाहिए, जो एआई को उसकी मूल संरचना से समझते हैं।”

 

OpenAI से बेहतर प्रदर्शन

बेंचमार्क रिपोर्ट्स के मुताबिक, Luna AI ने OpenAI के GPT-4 TTS और ElevenLabs जैसे अंतरराष्ट्रीय सिस्टम्स की तुलना में 50% कम लेटेंसी और अधिक प्राकृतिक आवाज का प्रदर्शन किया है।

 

स्पर्श ने बताया — “मेरे पास कोई बड़ा रिसर्च लैब या करोड़ों डॉलर की फंडिंग नहीं थी। मैंने GPUs उधार लिए, क्लाउड क्रेडिट्स जुटाए और अपने क्रेडिट कार्ड से खर्च उठाया। यह साबित करता है कि वर्ल्ड-क्लास टेक्नोलॉजी भारत से भी बन सकती है।”

 

निवेशकों और विशेषज्ञों का भरोसा

IIT-BHU से स्नातक स्पर्श अग्रवाल की टीम में नितीश कार्तिक, अपूर्व सिंह और प्रत्युष कुमार शामिल हैं। Pixa AI को उद्योग जगत के नामचीन निवेशकों — कुनाल शाह (CRED), कुनाल कपूर (Actor & Entrepreneur) और निखिल कामत (Zerodha) — का समर्थन मिला है।

 

कंपनी का लक्ष्य है कि Luna AI को मनोरंजन, वेलनेस और ऑटोमोटिव क्षेत्रों के लिए एक “वॉयस लेयर” के रूप में विकसित किया जाए।

 

भारत को ‘इमोशनली इंटेलिजेंट एआई’ का केंद्र बनाना

स्पर्श अग्रवाल को WTFund के लिए 15,000 से अधिक आवेदकों में से एकमात्र सोलो फाउंडर के रूप में चुना गया था। उनका कहना है कि Luna के जरिए वे भारत को “Emotionally Intelligent AI Innovation” का वैश्विक केंद्र बनाना चाहते हैं।

 

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed