
ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में संचालित दो वर्षीय वीकेंड एलएलएम कोर्स को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के आदेश पर बंद कर दिया गया है। इस सत्र में 40 सीटों पर छात्रों ने प्रवेश लिया था, लेकिन आदेश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों की फीस वापस कर दी है।
बीसीआई ने इस वीकेंड पाठ्यक्रम को “अव्यवहारिक” बताते हुए इसे बंद करने का निर्देश दिया है। इससे एलएलएम की डिग्री पाने की उम्मीद में दाखिला लेने वाले छात्रों को बड़ा झटका लगा है। हालांकि, पिछले सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्रों का कोर्स पहले की तरह पूरा कराया जाएगा।
जीबीयू स्कूल ऑफ लॉ के अधिष्ठाता डॉ. के. के. द्विवेदी ने बताया कि बीसीआई ने 25 मई को इस पाठ्यक्रम को बंद करने के निर्देश भेजे थे। तब तक सभी 40 सीटें भर चुकी थीं, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक कर विद्यार्थियों की फीस वापस करने का फैसला लिया।
बीसीआई के पत्र में कहा गया है कि इस निर्णय का उद्देश्य है कि कानूनी शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखी जाए, उसकी अखंडता और कानूनी पेशे की विश्वसनीयता सुनिश्चित रहे।
गौरतलब है कि पिछले सत्र में जीबीयू ने 30 सीटों के साथ दो वर्षीय एलएलएम कोर्स शुरू किया था। इस बार 10 सीटें बढ़ाकर 40 कर दी गई थीं, लेकिन अब बीसीआई के आदेश के बाद यह कार्यक्रम पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।




Add comment