
UP Board Result 2024: यूपी बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट शनिवार को जारी कर दिया गया। 50 लाख से ज़्यादा बच्चों ने ये परीक्षाएं दी थीं। कक्षा 10वीं का रिजल्ट 89.55% रहा जबकि इंटरमीडिएट का रिजल्ट 82.60% रहा। सीतापुर की प्राची निगम 98.50% अंक लाकर हाईस्कूल में टॉपर रहीं जबकि सीतापुर के ही शुभम वर्मा ने 97.80% अंकों के साथ इंटर में टॉप किया। इस साल 10वीं और 12वीं से टॉपर एक ही स्कूल से रहे। हाईस्कूल और इंटर, दोनों ही परीक्षाओं में लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया। के छात्र अब अपना रिजल्ट देख सकते हैं। रिजल्ट के साथ ही बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के टॉपर्स की सूची, पास पर्सेंटेज आदि विवरण भी जारी कर दिए हैं।
बता दें कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा के लिए इस वर्ष 29 लाख से भी अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 27 लाख से ज्यादा बच्चों ने परीक्षा दी। 86.05 फीसदी लड़के और 93.40 फीसदी लड़कियां उत्तीर्ण हुईं। हाईस्कूल के नतीजों में सिर्फ पहली, दूसरी और तीसरी रैंक की बात करें तो तीनों शीर्ष स्थान पर कुल छह बच्चे हैं। इनमें पांच लड़कियां हैं और सिर्फ एक लड़का है।
इंटरमीडिएट के लिए 25 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी यूपी बोर्ड इटंर की परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए थे। परीक्षार्थियों में कुल 13,41,356 लड़के और 11,11,474 लड़कियां शामिल हैं। 24 लाख से ज्यादा बच्चों ने परीक्षा दी। इस वर्ष 12वीं में 77.78 फीसदी लड़के और 88.42 फीसदी लड़कियां उत्तीर्ण हुई हैं। इंटरमीडिएट की परीक्षा में शीर्ष तीन रैंक में 12 बच्चे हैं। इनमें सिर्फ चार लड़के हैं और आठ लड़कियां हैं।




Add comment