Edinbox Hindi

RO-ARO Paper Leak : अब ईडी (ED) करेगी आरओ-एआरओ पेपर लीक की जांच 

5 मई को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा (NEET UG 2024) के पेपर लीक होने की ख़बरों के बीच ईडी (ED) हरकत में है। बताया जा रहा है कि ईडी जल्द ही उत्तर प्रदेश में आरओ/एआरओ (RO-ARO) परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले की जांच शुरू कर सकती है। प्रदेश में सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का पेपर आउट होने के मामले की जांच शुरू करने के बाद ईडी की नजरें अब आरओ-एआरओ पेपर लीक मामले पर हैं। 

दरअसल, उत्तर प्रदेश में सिपाही भर्ती और समीक्षा अधिकारी (RO)- सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) भर्ती,  दोनों परीक्षाओं का पेपर आउट कराने में प्रयागराज निवासी राजीव नयन मिश्रा शामिल था, जिसके गिरोह के बाकी सदस्यों ने आरओ/एआरओ परीक्षा का पेपर लीक कराया था। आरओ/एआरओ भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा प्रयागराज के सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद यूपीएसटीएफ इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। 

बताया जा रहा है कि ईडी अब पूरे गिरोह पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसी कड़ी में ईडी जल्द ही आरओ/एआरओ परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले की जांच शुरू कर सकती है। जल्द ही ईडी के अधिकारी आरओ/एआरओ पेपर लीक मामले की जानकारी यूपी एसटीएफ से लेकर केस दर्ज कर सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक करने वाले गिरोहों के खिलाफ ईडी, लखनऊ ने पहली बार जांच करने का फैसला लिया है। 

गौरतलब है कि सिपाही भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने वाले गिरोह के संबंध कई प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारियों तक से होने की पुष्टि हो चुकी है। इस गिरोह ने कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर आउट कराए हैं, जिसमें नीट, एम्स, नर्सिंग परीक्षा आदि शामिल है। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed