
दक्षिण राज्य तेलंगाना (Telangana) में एक अनूठा अभियान चल रहा है। अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) यानी कृत्रिम बुद्धिमता के जरिया स्कूल में छात्रों का नामांकन बढ़ाने का अभियान। जी हाँ, तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले के वट्टेमला में राज्य सरकार द्वारा संचालित जिला परिषद हाई स्कूल (ZPHS) में नए शैक्षणिक वर्ष के लिए नामांकन को बढ़ावा देने के प्रधानाध्यापक के सूर्यनारायण ने एक नए अभियान चलाया हुआ है। वे अपने तईं सोशल मीडिया पर AI-संचालित नामांकन अभियान की अगुआई कर रहे हैं।
प्रधानाध्यापक के सूर्यनारायण को यह नया विचार तब सूझा जब उनकी बेटी, जो तमिलनाडु के IIITDM-कांचीपुरम में बी.टेक तृतीय वर्ष की छात्रा हैं, ने हाल ही में गर्मी की छुट्टियों के लिए अपने पैतृक स्थान की यात्रा के दौरान उन्हें AI के विविध अनुप्रयोगों के बारे में बताया। इस विचार को धरातल पर उतारते हुए सूर्यनारायण ने वट्टेमला, जो मंदिर के लिए प्रसिद्ध शहर वेमुलावाड़ा के पास स्थित है, के जिला परिषद हाई स्कूल (ZPHS) में पढ़ाई के लाभों को उजागर करने के लिए एक कम्प्यूटरीकृत अवतार ‘वर्चुअल AI एंकर’ बना डाला।
के सूर्यनारायण कहते हैं, “‘एआई एंकर’ तेलुगु में एक पाठ पढ़ती है, जिसमें जिला परिषद हाई स्कूल की मुख्य विशेषताओं जैसे कि अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा, योग्य शिक्षक, मध्याह्न भोजन, मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, दो जोड़ी स्कूल यूनिफॉर्म, टी-सैट चैनल के माध्यम से डिजिटल पाठ आदि पर प्रकाश डाला गया है।” वह कहते हैं कि सभी हितधारकों की मदद से स्कूल में छात्रों के नामांकन को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एआई-संचालित अभियान का उद्देश्य योग्य और अनुभवी शिक्षकों से युक्त राज्य द्वारा संचालित स्कूल में अध्ययन के लाभों के बारे में जागरूकता फैलाना है। ज़ेडपीएचएस, वट्टेमला का पिछले साल एसएससी परीक्षाओं में 100% परिणाम रहा था।




Add comment