
इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। National Testing Agency (एनटीए) ने JEE Main Session-2 2026 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। अप्रैल सत्र की परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं।
छात्र अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड के जरिए लॉगिन कर परिणाम चेक और डाउनलोड कर सकते हैं। यह स्कोरकार्ड आगे की काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी होता है।
IIT में एडमिशन का रास्ता क्या है
JEE Main का रिजल्ट आने के बाद सीधे IIT में दाखिला नहीं मिलता। इसके लिए अगला और अहम चरण JEE Advanced है।
सबसे पहले, छात्रों को 12वीं बोर्ड परीक्षा में न्यूनतम अंक की शर्त पूरी करनी होती है। सामान्य वर्ग के लिए कम से कम 75 प्रतिशत अंक जरूरी हैं, जबकि SC, ST और PwD श्रेणी के छात्रों के लिए यह सीमा 65 प्रतिशत रखी गई है।
इसके बाद JEE Main में बेहतर प्रदर्शन करने वाले करीब 2.5 लाख छात्र JEE Advanced के लिए क्वालिफाई करते हैं। JEE Advanced में प्राप्त रैंक के आधार पर ही IIT में सीट मिलती है।
JoSAA काउंसलिंग से तय होती है सीट
JEE Advanced के बाद प्रवेश प्रक्रिया Joint Seat Allocation Authority (JoSAA) की काउंसलिंग के जरिए पूरी होती है। इस प्रक्रिया में छात्र अपनी पसंद के IIT, NIT या अन्य संस्थानों और ब्रांच का चयन करते हैं।
काउंसलिंग आमतौर पर 6 से 7 राउंड में होती है। हर राउंड में सीट अलॉटमेंट होता है, जिसमें छात्र अपनी सीट को स्वीकार कर सकते हैं, अपग्रेड का विकल्प चुन सकते हैं या अगले राउंड का इंतजार कर सकते हैं।
देश के 23 IIT संस्थानों में दाखिला केवल JEE Advanced के जरिए ही मिलता है। सीट मिलने के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होती है, तभी एडमिशन कन्फर्म होता है।
ऐसे चेक करें JEE Main 2026 का रिजल्ट
JEE Main Session-2 का रिजल्ट चेक करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां रिजल्ट लिंक पर क्लिक कर आवेदन नंबर, जन्मतिथि और सिक्योरिटी पिन दर्ज करना होगा। डिटेल्स सबमिट करते ही स्क्रीन पर स्कोरकार्ड और ऑल इंडिया रैंक दिखाई देगी।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपना रिजल्ट डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकाल लें, ताकि आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो।
आगे क्या करें छात्र
रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्रों का फोकस JEE Advanced और काउंसलिंग प्रक्रिया पर होना चाहिए। सही समय पर रजिस्ट्रेशन, दस्तावेज तैयार रखना और विकल्पों का सोच-समझकर चयन करना बेहद जरूरी है।
JEE Main का यह परिणाम केवल एक चरण है, असली मुकाबला अब IIT में सीट हासिल करने के लिए होने वाला है।




Add comment