
ट्रिपलआईटी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप अपने एमबीए कार्यक्रम में बड़े बदलाव की घोषणा की है। संस्थान ने 2026 बैच से एमबीए में प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह नए स्वरूप में ढालते हुए लिखित परीक्षा को समाप्त कर दिया है। यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि लिखित परीक्षा में स्थानीय छात्रों की संख्या ज्यादा और बाहरी उम्मीदवार कम आ रहे थे, जिससे चयन प्रक्रिया का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा था।
अब इंटरव्यू और सिनारियो-बेस्ड सवालों से होगा मूल्यांकन
नई व्यवस्था के तहत 100 अंकों की एडमिशन प्रक्रिया रखी गई है। 50 अंक सिनारियो-बेस्ड मौखिक सवाल-जवाब के लिए और 50 अंक इंटरव्यू के लिए। यह प्रक्रिया हाइब्रिड मोड में होगी, ताकि देशभर से छात्र आसानी से शामिल हो सकें। उम्मीदवारों की विश्लेषण क्षमता, समस्या-समाधान कौशल, संचार कौशल और प्रैक्टिकल समझ का मूल्यांकन इन्हीं माध्यमों से किया जाएगा।
एमबीए पाठ्यक्रम में भी बड़ा बदलाव
एमबीए प्रोग्राम को भी उद्योग की वर्तमान जरूरतों के अनुसार अपडेट किया गया है। पहले यह पाठ्यक्रम 82 क्रेडिट का था, जिसे बढ़ाकर अब 86 क्रेडिट कर दिया गया है। इनमें अतिरिक्त 4 क्रेडिट का स्किल डेवलपमेंट मॉड्यूल जोड़ा गया है, जिसे आईआईएम मुंबई, आईआईएम इंदौर और देश की प्रमुख कंपनियों के सहयोग से तैयार किया गया है।
6 दिसंबर को रिलायंस रिटेल मुंबई के वाइस प्रेसिडेंट अनीस खन्ना की मौजूदगी में बोर्ड ऑफ स्टडीज ने नए पाठ्यक्रम को मंजूरी दी। अंतिम स्वीकृति के लिए इसे अब सीनेट में रखा जाएगा। नए सिलेबस में आईटी स्किल-बेस्ड सीख, एडवांस्ड कम्युनिकेशन स्किल, बिजनेस में एआई और डिजिटल टूल्स के उपयोग से जुड़े मॉड्यूल को विशेष स्थान दिया गया है। संस्थान का दावा है कि इन बदलावों के बाद छात्रों को नौकरी बाजार की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर तैयारी कराई जा सकेगी।
ऑनलाइन मोड में भी मिलेगा एमबीए करने का अवसर
मैनेजमेंट स्टडीज विभाग ने पारंपरिक एमबीए के साथ-साथ ई–एमबीए कोर्स भी लॉन्च करने का फैसला किया है। यह विकल्प खासतौर पर उन छात्रों और कामकाजी प्रोफेशनल्स के लिए उपयोगी होगा जो नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते। हाइब्रिड और ऑनलाइन मोड की बढ़ती लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
एग्री बिजनेस मैनेजमेंट नया स्पेशलाइजेशन
संस्थान ने उद्योग जगत की मांग और छात्रों की रुचि को देखते हुए एग्री बिजनेस मैनेजमेंट को नए स्पेशलाइजेशन के रूप में जोड़ा है। पहले एमबीए में केवल छह स्पेशलाइजेशन उपलब्ध थे, लेकिन कृषि आधारित उद्योगों, सप्लाई चेन, खाद्य प्रौद्योगिकी और एग्री स्टार्टअप्स के बढ़ते दायरे को देखते हुए यह नया विकल्प शामिल किया गया है।
ट्रिपलआईटी के एमबीए कार्यक्रम में यह बदलाव न केवल प्रवेश प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाएगा, बल्कि छात्रों को भविष्य की मांगों के अनुरूप तैयार भी करेगा। नई नीति और अपडेटेड पाठ्यक्रम आने वाले वर्षों में एमबीए शिक्षा को एक नया आयाम दे सकते हैं।




Add comment