Edinbox Hindi

छात्रों के हिंसक प्रदर्शनों से सुलग उठा पाकिस्तान; स्कूल-कॉलेज बंद, 600 से अधिक छात्र गिरफ्तार

पाकिस्तान के पंजाब सूबे में एक निजी कॉलेज के परिसर में हुई कथित दुष्कर्म की घटना के खिलाफ छात्रों के बढ़ते विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पंजाब सरकार ने सूबे के सभी शैक्षणिक संस्थानों को तीन दिन के लिए बंद करने का आदेश दिया है और अबतक 600 से अधिक छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। मरियम नवाज की अगुवाई वाली सरकार ने सभी प्रकार की सार्वजनिक सभाओं पर रोक लगा दी है।  

यह कदम छात्रों के विरोध प्रदर्शन को नियंत्रित करने और जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पीटीआई के प्रदर्शनों के मद्देनजर उठाया गया है। पंजाब सरकार ने घोषणा की, ‘‘सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय शुक्रवार से रविवार तक बंद रहेंगे।”

पंजाब पुलिस ने कहा कि उसने हिंसक प्रदर्शनों के सिलसिले में पूरे प्रांत में 600 से अधिक छात्रों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने दावा किया कि गिरफ्तार किए गए कई छात्रों को उनके अभिभावकों से हलफनामा लेने के बाद रिहा कर दिया गया है। दूसरी ओर, अभिभावकों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने छात्रों के खिलाफ बल का प्रयोग किया, जिससे दर्जनों छात्र घायल हो गए। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस छात्रों के साथ कठोर अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है। 

बता दें कि प्रांत के कई शहरों में सोमवार से हिंसक प्रदर्शन जारी हैं। सोशल मीडिया पर यह खबर सामने आई थी कि लाहौर के पंजाब कॉलेज फॉर वुमेन में एक छात्रा के साथ एक सुरक्षा कर्मी ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इस घटना के खिलाफ शुरू हुए प्रदर्शन में कम से कम 50 छात्रा घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। 

इस बीच, मरियम नवाज ने कहा कि बलात्कार की कथित घटना का कोई सबूत नहीं मिला है और यह ‘‘फर्जी खबर’’ है। मरियम नवाज सरकार ने कहा कि मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और खतरे के मद्देनजर किसी भी तरह का प्रदर्शन या जुलूस दहशतगर्दों और अपराधियों का निशाना बन सकता है, जिससे न केवल सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। बल्कि इससे जनता की शांति-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

इस बीच संघीय जांच एजेंसी की साइबर अपराध शाखा ने कथित ‘दुष्कर्म की खबर’ फैलाने के लिए कुछ वरिष्ठ पत्रकारों, वकीलों, टिकटॉकर्स की गिरफ्तारी के लिए सूबे में छापेमारी की कार्रवाई की है। कथित दुष्कर्म की घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने के आरोप में 38 वरिष्ठ पत्रकारों और टिकटॉकर्स के खिलाफ प्राथमिकी में दर्ज की गई है।   

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed