
दिवाली पर देश के तो सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में छुट्टियां होती हैं। मगर भारत के अलावा पहली बार एक और बड़े देश ने इस साल से सभी सरकारी स्कूलों में दिवाली की छुट्टी घोषित की है। और वह है अमेरिका। जी हां, इस साल अमेरिका के न्यूयार्क शहर में पहली बार दीपावली के मौके पर स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। इस फैसले से 11 लाख से अधिक छात्र रोशनी के इस त्योहार को मना सकेंगे।
यह पहली बार है कि अमेरिका के किसी शहर में दिवाली की छुट्टी दी गई है। गौरतलब है कि पिछले साल न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने शहर के सभी सरकारी स्कूलों में दिवाली के दिन छुट्टी घोषित करने वाले कानून पर साइन किए थे। इसी वजह से दिवाली के मौके पर न्यूयॉर्क शहर के सभी सरकारी स्कूल 1 नवंबर को बंद रहेंगे।
न्यूयॉर्क शहर के मेयर ऑफिस के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उपायुक्त दिलीप चौहान ने कहा कि दिवाली पर न्यूयॉर्क शहर में पहली बार सरकारी स्कूल में अवकाश की घोषणा की गई है। छुट्टी के साथ दिवाली मनाया जाना एक ‘मील का पत्थर है, जो हमारे शहर की विविधता को गले लगाने जैसा है। यह हमारे समुदाय एवं नेताओं के अथक प्रयासों का प्रतिफल है। इस फैसले से 11 लाख छात्र अब दिवाली मना पाएंगे जो अंधकार पर प्रकाश और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है।




Add comment