Edinbox Hindi
Jayaprakash Narayan Public Library opens in Delhi; offers access to 35,000 books and over 10 million e-books

दिल्ली में खुली जयप्रकाश नारायण पब्लिक लाइब्रेरी, 35 हजार किताबें और 1 करोड़ से अधिक ई-बुक्स की सुविधा 

Jayaprakash Narayan Public Library opens in Delhi; offers access to 35,000 books and over 10 million e-books

दिल्ली में पढ़ाई करने वाले छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और किताबों के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने उद्यान मार्ग पर अत्याधुनिक जयप्रकाश नारायण पब्लिक लाइब्रेरी की शुरुआत की है। इस आधुनिक पुस्तकालय का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया। लाइब्रेरी का उद्देश्य युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण, डिजिटल संसाधन और शोध सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है नई लाइब्रेरी

करीब 2,265 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित इस लाइब्रेरी में एक समय में लगभग 200 लोग बैठकर अध्ययन कर सकते हैं। यहां 35 हजार से अधिक किताबें, शोध पत्रिकाएं और संदर्भ पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके अलावा डिजिटल रीडिंग को बढ़ावा देने के लिए 1 करोड़ से अधिक ई-बुक्स तक पहुंच की सुविधा भी दी गई है।

पुस्तकालय में आधुनिक रीडिंग हॉल, रिसर्च सेंटर, बच्चों के लिए अलग किड्स जोन, मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम, मुफ्त वाई-फाई और RFID आधारित बुक मैनेजमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसे भविष्य में नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया (NDLI) से भी जोड़ा जाएगा, जिससे पाठकों को देशभर के डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों तक पहुंच मिल सकेगी।

युवाओं के भविष्य में लाइब्रेरी की अहम भूमिका: अमित शाह

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि किसी भी देश का भविष्य केवल खेती, उद्योग या बाजार से नहीं, बल्कि उन युवाओं से तय होता है जो पुस्तकालयों में बैठकर ज्ञान अर्जित करते हैं।

उन्होंने कहा कि किताबें पढ़ने से सोचने और समझने की क्षमता विकसित होती है। इसलिए हर युवा को किसी न किसी पुस्तकालय से जुड़ना चाहिए। अपने बचपन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनके शहर की लाइब्रेरी ने उनके व्यक्तित्व और सोच को गहराई से प्रभावित किया। कहानी की किताबों से शुरू हुई पढ़ने की आदत आगे चलकर वेदों और उपनिषदों तक पहुंची।

अमित शाह ने यह भी कहा कि “बोलने से पहले सोचना चाहिए और सोचने से पहले पढ़ना चाहिए, क्योंकि सही सोच का आधार ज्ञान और अध्ययन होता है।”

दिल्ली के सभी सार्वजनिक पुस्तकालयों को जोड़ने की अपील

गृह मंत्री ने दिल्ली सरकार से राजधानी के सभी सार्वजनिक पुस्तकालयों को आपस में जोड़ने और उन्हें स्कूलों से भी जोड़ने की अपील की। उन्होंने लाइब्रेरी प्रबंधन से आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी सुझाव दिया, ताकि बच्चों और युवाओं में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।

UPSC और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों को मिलेगा लाभ

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पुस्तकालय राजधानी के छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। उन्होंने कहा कि शांत वातावरण, आधुनिक संसाधन और डिजिटल सुविधाएं छात्रों को बेहतर तैयारी करने में मदद करेंगी।

एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्र ने बताया कि इस लाइब्रेरी का निर्माण लोकनायक जयप्रकाश नारायण की स्मृति में किया गया है। वहीं, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि आने वाले समय में यह पुस्तकालय पढ़ाई, रिसर्च और बौद्धिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

नई लाइब्रेरी के शुरू होने से दिल्ली के छात्रों को अब एक ऐसा आधुनिक अध्ययन केंद्र मिलेगा, जहां पारंपरिक पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल संसाधनों का भी लाभ उठाया जा सकेगा। यह पहल राजधानी में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed