
पड़ोसी देश पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आज एक स्कूल की इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। किसी तरह भागकर स्कूल में पढाई कर रही 1400 छात्रों ने अपनी जान बचाई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के हरिपुर जिले में सिरिकोट गांव स्थित सरकारी बालिका स्कूल की इमारत में आग लगने की घटना हुई। जब स्कूल में आग लगी, तब लडकियां अंदर ही पढ़ाई कर रही थीं। आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गयी, जो तुरंत वहां पहुंची और अपने कार्य में लग गयी। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से उसने इसपर काबू पा लिया। पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर पहुंचने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
हरिपुर दमकल विभाग के प्रवक्ता फराज जलाज ने कहा कि स्कूल में करीब 1400 बच्चियां थीं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि आग से बिल्डिंग पूरी तरह तबाह हो गई। राहत-बचाव विभाग ने बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्य सचिव नदीम असलम चौधरी ने कहा कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। विभाग ने कहा कि इसकी आधी बिल्डिंग ही लकड़ी से बनी हुई थी। इसके चलते आग तेजी से फैल गई। चौधरी ने कहा कि मामले में जांच जारी है और स्कूल का संचालन जल्द फिर शुरू होगा।
बता दें कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में पहले कई बार स्कूल की इमारतों में आतंकियों द्वारा हमले की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले आठ मई को पूर्वी वजीरिस्तान जिले के तहसील शेवा में स्थित एक निजी बालिका स्कूल में आतंकियों ने ब्लास्ट किया था। आतंकियों ने यहां पहले वॉचमैन को टॉर्चर किया। फिर दो कमरों को बम से उड़ा दिया। इसी तरह का हमला पिछले साल मई में भी हुआ था, जब मिराली में लड़कियों के दो सरकारी स्कूलों को उड़ा दिया गया था। हालांकि, इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई थी।




Add comment