Edinbox Hindi

भारत में जंगल सफारी का अनुभव क्यों है खास?

पिछले दिनों देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के गिर राष्ट्रीय उद्यान में जंगल सफारी का आनंद लिया। भारत के घने जंगल और राष्ट्रीय उद्यान वन्यजीव प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों को हमेशा से आकर्षित करते रहे हैं। देश में कई ऐसे वन क्षेत्र हैं, जो न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि पर्यटन के लिहाज से भी बेहद मशहूर हैं।

अगर आप भी जंगल सफारी का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो भारत के राष्ट्रीय उद्यानों की सैर करें। विदेशी पर्यटक भी यहां की जंगल सफारी का अनुभव लेने के लिए बड़ी संख्या में आते हैं। भारत की जंगल सफारी उन्हें रॉयल बंगाल टाइगर, एक सींग वाला गैंडा, एशियाई शेर और हाथी जैसे दुर्लभ जीवों को देखने का अवसर प्रदान करती हैं।

अगर आप भी रोमांच और प्रकृति प्रेमी हैं, तो देश के जंगल सफारी को जरूर एक्सप्लोर करें। आइए जानते हैं भारत के सबसे प्रसिद्ध जंगल सफारी स्थलों के बारे में, जहां आपको दुर्लभ वन्यजीवों और अद्भुत प्राकृतिक नजारों का अनुभव मिलेगा।

1. जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, उत्तराखंड
उत्तराखंड का जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क बंगाल टाइगर, हाथी, हिरण और मगरमच्छ के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप जीप सफारी, कैंटर सफारी और एलीफेंट सफारी का आनंद ले सकते हैं। भारत का सबसे पुराना राष्ट्रीय उद्यान होने के कारण यह बाघों को देखने के लिए सबसे प्रसिद्ध जंगल सफारी में से एक है। यहां के घने जंगलों और रमणीय पहाड़ियों के बीच सफारी का रोमांच विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करता है।

कैसे पहुंचे:
निकटतम हवाई अड्डा पंतनगर का फूलबाग एयरपोर्ट (78 किमी दूर) है।
सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन रामनगर (15 किमी दूर) है।

2. रणथंभौर नेशनल पार्क, राजस्थान
राजस्थान का मशहूर रणथंभौर नेशनल पार्क ऐतिहासिक किले और जंगल का अद्भुत मेल प्रस्तुत करता है। यह बाघों को देखने के लिए भारत के सबसे बेहतरीन स्थानों में से एक है। अरावली और विंध्याचल पहाड़ियों के संगम पर स्थित यह राष्ट्रीय उद्यान शानदार फोटोग्राफी और रोमांचक सफारी का अनुभव प्रदान करता है।

कैसे पहुंचे:
निकटतम हवाई अड्डा जयपुर एयरपोर्ट (180 किमी दूर) है।
सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन सवाई माधोपुर (12 किमी दूर) है।

3. काजीरंगा नेशनल पार्क, असम
असम का काजीरंगा नेशनल पार्क एक सींग वाले गैंडे के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यह ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे बसा एक सुंदर जंगल है, जहां हाथी सफारी और जीप सफारी की सुविधा उपलब्ध है। यहां गैंडे, हाथी और बाघों को नजदीक से देखने के अलावा, पक्षी प्रेमियों के लिए भी यह एक स्वर्ग जैसा स्थान है।

कैसे पहुंचे:
निकटतम हवाई अड्डा जोरहाट एयरपोर्ट (96 किमी दूर) है।
सबसे पास का रेलवे स्टेशन फुरकाटिंग (75 किमी दूर) है।

4. सुंदरबन नेशनल पार्क, पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल का सुंदरबन नेशनल पार्क दुनिया का सबसे बड़ा मैंग्रोव जंगल है और इसे रॉयल बंगाल टाइगर का घर कहा जाता है। यहां नाव सफारी का अनोखा अनुभव मिलता है, जिससे पर्यटक टाइगर देखने का प्रयास कर सकते हैं। इसके अलावा, यहां दुर्लभ पक्षियों, मगरमच्छों और अन्य जलीय जीवों को देखने का शानदार मौका मिलता है।

कैसे पहुंचे:
निकटतम हवाई अड्डा कोलकाता एयरपोर्ट (120 किमी दूर) है।
सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन कंठी और नामखाना हैं।

5. बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, मध्य प्रदेश
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित है और यह एक प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्य है। यह 437 वर्ग किलोमीटर में फैला है और इसे 1968 में राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया था। यहां बाघों की अच्छी संख्या है और इसे बाघों की आबादी के लिए जाना जाता है।

कैसे पहुंचे:
निकटतम हवाई अड्डा जबलपुर एयरपोर्ट (200 किमी दूर) है।
सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन उमरिया (32 किमी दूर) है।

भारत के राष्ट्रीय उद्यान और जंगल सफारी रोमांच और प्राकृतिक सुंदरता का अनूठा मिश्रण हैं। अगर आप प्रकृति और वन्यजीवों के करीब जाना चाहते हैं, तो इन जंगल सफारी स्थलों की यात्रा अवश्य करें। यहां का रोमांच, हरियाली और दुर्लभ जीवों को देखने का अनुभव आपके सफर को यादगार बना देगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed