
आईआरसीटीसी हमेशा यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक टूर पैकेज लेकर आता है, ताकि लोग कम बजट में भारत के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की यात्रा कर सकें। इसी कड़ी में अब आईआरसीटीसी भगवान श्रीराम से जुड़े 30 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा के लिए ‘श्री रामायण यात्रा’ नाम से एक नया टूर पैकेज लेकर आया है। यह यात्रा 17 दिन और 16 रातों की होगी, जिसमें भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए रामभक्तों को उत्तर से दक्षिण भारत तक श्रीराम के जीवन से जुड़े स्थलों की सैर कराई जाएगी। यह ट्रेन यात्रा 25 जुलाई 2025 से दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी और लगभग 7500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
इस यात्रा में यात्रियों को अयोध्या, नंदीग्राम, सीतामढ़ी, जनकपुर (नेपाल), बक्सर, वाराणसी, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट, नासिक, हम्पी और रामेश्वरम जैसे प्रमुख स्थलों पर ले जाया जाएगा। हर स्टेशन पर श्रीराम के जीवन से जुड़ी जगहों की सैर कराई जाएगी, जैसे अयोध्या में राम जन्मभूमि और हनुमान गढ़ी, जनकपुर में राम-जानकी मंदिर, नासिक में पंचवटी और त्र्यंबकेश्वर, और अंत में रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी की यात्रा होगी। यात्रा का समापन 17वें दिन दिल्ली लौटने के साथ होगा।
इस पैकेज का नाम ‘Shri Ramayana Yatra by Bharat Gaurav Tourist Train’ है और इसकी कीमत स्टैंडर्ड क्लास के लिए ₹82,950 प्रति व्यक्ति और सुपीरियर क्लास के लिए ₹1,02,095 प्रति व्यक्ति तय की गई है। इस पैकेज में वातानुकूलित कोच में यात्रा, होटल में ठहराव, शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण के लिए एसी बसें, अनुभवी गाइड, और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
जो भी श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर जाकर “Bharat Gaurav Train” सेक्शन में ‘Shri Ramayana Yatra’ पैकेज को चुन सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। यह यात्रा न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और आध्यात्मिक धरोहर को करीब से जानने का एक सुनहरा अवसर भी है।




Add comment