Edinbox Hindi

विदेश में पढ़ाई के लिए ये हैं दुनिया के 5 सबसे किफायती शहर, सस्ता है किराया और खाने का खर्च भी कम

भारत में कई छात्र विदेश में पढ़ाई का सपना देखते हैं, लेकिन विदेशी शिक्षा की ऊंची लागत उनके रास्ते में सबसे बड़ी बाधा बन जाती है। ट्यूशन फीस से लेकर रहन-सहन तक, हर चीज का खर्च छात्रों के बजट को प्रभावित करता है। औसतन, एक अंतरराष्ट्रीय छात्र को सालाना 20,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 17 लाख रुपये) सिर्फ ट्यूशन फीस के रूप में चुकाने होते हैं। इसके अलावा खाना, ट्रैवल, रेंट, किताबें और अन्य जरूरतों का खर्च भी जुड़ जाता है।

ऐसे में Study International ने दुनिया के ऐसे पांच शहरों की पहचान की है जो विदेशी छात्रों के लिए किफायती और सुविधाजनक माने जाते हैं। आइए जानते हैं कौन से हैं ये शहर—

1. कैनबरा, ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा को दुनिया के सबसे बेहतरीन स्टूडेंट-फ्रेंडली शहरों में गिना जाता है। यहां यूनिवर्सिटी ऑफ कैनबरा और ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थान हैं। किराया भी अन्य ऑस्ट्रेलियाई शहरों की तुलना में कम है— लगभग 150 से 380 ऑस्ट्रेलियन डॉलर (8100 से 20,000 रुपये) प्रति सप्ताह। शिक्षा की गुणवत्ता और जीवनशैली दोनों ही उच्च स्तर के हैं।

2. बुकिट पांजंग, सिंगापुर
सिंगापुर का एजुकेशन सिस्टम एशिया में सर्वश्रेष्ठ में से एक है। बुकिट पांजंग, जो सिंगापुर के पश्चिमी हिस्से में स्थित है, कम किराए के लिए जाना जाता है। यहां चार कमरों के फ्लैट का किराया राष्ट्रीय औसत से लगभग 300 सिंगापुर डॉलर (लगभग 18,874 रुपये) कम होता है। उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के साथ-साथ यह इलाका छात्रों के लिए बजट फ्रेंडली विकल्प है।

3. चेंगदू, चीन
चीन में हर साल लाखों विदेशी छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि कई शहरों में रहने का खर्च बढ़ रहा है, लेकिन चेंगदू अब भी एक किफायती विकल्प है। यहां छात्र 500 से 700 डॉलर प्रति माह (लगभग 42,000 से 60,000 रुपये) में रह सकते हैं जिसमें किराया, खाना, यात्रा और अन्य खर्च शामिल हैं।

4. शाम शुई पो, हांगकांग
हांगकांग की यूनिवर्सिटीज दुनिया के टॉप रैंकिंग संस्थानों में आती हैं। यदि आप कम खर्च में यहां रहना चाहते हैं, तो शाम शुई पो एक उपयुक्त इलाका है। यह क्षेत्र सस्ते आवास, बजट फ्रेंडली खाने और समृद्ध सांस्कृतिक अनुभवों के लिए मशहूर है। छात्रों के लिए यह हांगकांग का सबसे सुविधाजनक और किफायती इलाका माना जाता है।

5. अलोर सेटार, मलेशिया
मलेशिया की विविध संस्कृति और सस्ती शिक्षा इसे विदेशी छात्रों के लिए आकर्षक बनाती है। यहां अमेरिका और यूके की तुलना में पढ़ाई और रहन-सहन काफी किफायती है। एक अंतरराष्ट्रीय छात्र का सालाना औसत खर्च लगभग 14,400 मलेशियाई रिंगित (करीब 3 से 4 लाख रुपये) होता है। अलोर सेटार मलेशिया का सबसे किफायती शहर है, जहां रहने और पढ़ाई का खर्च अन्य शहरों की तुलना में बेहद कम है।

अगर आप विदेश में पढ़ाई का सपना देख रहे हैं और बजट आपकी चिंता है, तो ये पांच शहर आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। सही शहर और यूनिवर्सिटी का चुनाव आपकी शिक्षा के साथ-साथ आपके आर्थिक संतुलन को भी बेहतर बनाएगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed