Edinbox Hindi

फैशन डिजाइनिंग में बनाना है भविष्य, तो दिल्ली के ये संस्थान हैं आपके लिए शानदार विकल्प

अगर आप फैशन डिजाइनिंग में करियर बनाना चाहते हैं, तो दिल्ली में कई बेहतरीन कॉलेज और इंस्टिट्यूट्स मौजूद हैं, जो आपको इस क्षेत्र में मजबूत शुरुआत देने में मदद कर सकते हैं। अब कुछ ही दिनों में सीबीएसई बोर्ड के रिजल्ट आने वाले हैं और खासकर आर्ट्स स्ट्रीम के उन छात्रों के लिए यह सही समय है जब वे डिजाइनिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य तय कर सकते हैं।

नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) 
फैशन डिजाइनिंग के कोर्स के लिए सबसे पहला नाम नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT), नई दिल्ली का आता है, जिसकी स्थापना 1986 में हुई थी। यह संस्थान भारत के टॉप फैशन कॉलेजों में गिना जाता है और यहां एडमिशन पाना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। यहां B.Des इन फैशन डिजाइनिंग नामक कोर्स कराया जाता है, जिसकी अवधि 4 साल है और कुल फीस लगभग 11.9 लाख रुपये है।

आईआईटी कॉलेज
इसके अलावा, दिल्ली का आईआईटी कॉलेज भी केवल इंजीनियरिंग ही नहीं बल्कि फैशन डिजाइनिंग कोर्स के लिए भी जाना जाता है। यहां एडमिशन के लिए UCEED एंट्रेंस एग्जाम देना होता है। इस कोर्स की अवधि 4 साल है और फीस लगभग 9.69 लाख रुपये है।

पर्ल एकेडमी
राजौरी गार्डन में स्थित पर्ल एकेडमी भी फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई के लिए एक प्रमुख संस्थान है। यहां एडमिशन कॉलेज द्वारा आयोजित एंट्रेंस एग्जाम के माध्यम से होता है। इस कॉलेज में 4 साल के ग्रेजुएशन कोर्स की फीस लगभग 20 से 29 लाख रुपये के बीच होती है। इस संस्थान से कई बड़े डिजाइनर्स निकल चुके हैं।

जेडी इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी
दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन में स्थित जेडी इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी की स्थापना 1988 में हुई थी। यह संस्थान भी काफी प्रसिद्ध है और यहां देशभर से स्टूडेंट्स एडमिशन लेने आते हैं। यहां की फीस लगभग 5.5 लाख रुपये प्रति वर्ष है।

एमिटी स्कूल ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी
दिल्ली-एनसीआर के नोएडा में स्थित एमिटी स्कूल ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी भी एक अच्छा विकल्प है। यहां कोर्स की फीस लगभग 2.8 लाख से लेकर 9.1 लाख रुपये प्रति वर्ष के बीच होती है। इस संस्थान की खास बात यह है कि यहां प्रैक्टिकल क्लासेस पर ज़्यादा ध्यान दिया जाता है और कोर्स के बाद स्टूडेंट्स को अच्छी इंटर्नशिप और जॉब के अवसर भी मिलते हैं।

कुल मिलाकर, यदि आप फैशन डिजाइनिंग में भविष्य बनाना चाहते हैं तो दिल्ली के ये संस्थान आपके लिए शानदार विकल्प हो सकते हैं। सही कॉलेज का चुनाव करते समय उसकी फीस, कोर्स की गुणवत्ता, और प्लेसमेंट की संभावनाओं को जरूर ध्यान में रखें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed