
क्या अच्छी शिक्षा के लिए हमेशा बड़ी फीस और नामी कॉलेज ही जरूरी हैं? बिल्कुल नहीं। अब पढ़ाई का स्वरूप बदल चुका है। आज कई ऐसे शॉर्ट-टर्म कोर्स उपलब्ध हैं, जो बेहद किफायती हैं और तुरंत काम आने वाले भी। इन कोर्सेज़ में लंबा-चौड़ा सिलेबस या मोटी किताबें नहीं, बल्कि कुछ ही हफ्तों की ट्रेनिंग से नई स्किल हासिल की जा सकती है, जिसे नौकरी या खुद के काम में इस्तेमाल किया जा सकता है।
कम बजट वाले लाखों युवाओं के लिए ये सस्ते कोर्स उम्मीद की नई राह खोलते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म और ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट्स ने शिक्षा को हर किसी की पहुंच में ला दिया है। अब गांव का छात्र कम फीस में डिजिटल मार्केटिंग सीख सकता है, गृहिणी घर बैठे सिलाई-डिजाइनिंग कर सकती है और बेरोजगार युवा बेसिक कंप्यूटर या अकाउंटिंग सीखकर नौकरी पा सकता है। ये कोर्स सिर्फ पढ़ाई का विकल्प नहीं, बल्कि जीवन बदलने का जरिया बन रहे हैं।
5 सबसे किफायती शॉर्ट-टर्म कोर्स
1. डिजिटल मार्केटिंग बेसिक कोर्स
आज हर बिजनेस को डिजिटल मार्केटिंग की जरूरत है। सिर्फ ₹500 से ₹1000 में SEO, सोशल मीडिया मार्केटिंग और ईमेल कैंपेन की बेसिक जानकारी सीखी जा सकती है। छोटे व्यवसाय शुरू करने वालों और फ्रीलांसिंग चाहने वालों के लिए यह कोर्स उपयोगी है।
2. ग्राफिक डिजाइनिंग शॉर्ट कोर्स
₹800 से ₹1500 में Photoshop, Canva और Illustrator जैसे टूल्स की बेसिक ट्रेनिंग मिलती है। सोशल मीडिया, विज्ञापन और कंटेंट क्रिएशन में यह स्किल बहुत काम आती है।
3. टैली और बेसिक अकाउंटिंग
अकाउंटिंग या बिजनेस मैनेजमेंट में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए टैली एक लोकप्रिय और सस्ता विकल्प है। ₹1500 से ₹3000 की फीस में यह कोर्स पूरा कर नौकरी के अवसर खोले जा सकते हैं।
4. बेसिक कंप्यूटर कोर्स (BCC/CCC)
कंप्यूटर स्किल हर क्षेत्र में जरूरी है। ₹1000 से ₹2000 में MS Office, इंटरनेट और ईमेल जैसी बेसिक ट्रेनिंग मिलती है। सरकार और निजी संस्थान दोनों ही यह कोर्स उपलब्ध कराते हैं।
5. सिलाई और फैशन डिजाइनिंग कोर्स
महिलाओं और गृहिणियों के लिए सिलाई-कढ़ाई और डिजाइनिंग कोर्स किफायती विकल्प हैं। ₹500 से ₹2000 की फीस में इन्हें सीखकर घर से ही छोटा बिजनेस शुरू किया जा सकता है।
ये स्किल-बेस्ड कोर्स न केवल सस्ते हैं, बल्कि करियर और रोजगार के नए अवसर भी तुरंत उपलब्ध कराते हैं।




Add comment